बड़ी मात्रा में गांजा जब्त,छह गिरफ्तार

-पुलिस और एसओजी की टीम ने की छापेमारी -मोटर साइकिल और स्कूटी के साथ नगदी भी बरामद जा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 07:19 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 07:19 AM (IST)
बड़ी मात्रा में गांजा जब्त,छह गिरफ्तार
बड़ी मात्रा में गांजा जब्त,छह गिरफ्तार

-पुलिस और एसओजी की टीम ने की छापेमारी

-मोटर साइकिल और स्कूटी के साथ नगदी भी बरामद

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : शहर को नशा मुक्त करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस का बीते दो महीने से अभियान लगातार जारी है। लेकिन सिलीगुड़ी शहर व आस-पास के इलाकों में नशा कारोबार इतना फैल चुका है कि नशा कारोबार को उखाड़ फेंकना सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के लिए एक चुनौती बन गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 34 किलो गांजा बरामद किया है। दोनों मामलों में कुल छह लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।

शुक्रवार को पहले मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और प्रधान नगर थाना पुलिस ने गांजा व नगदी समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर एसओजी और प्रधान नगर थाना पुलिस की सफेद पोशाक टीम ने बीते गुरुवार की रात चंपासारी के ढकनीकाटा इलाके में अभियान चलाया। इलाके से पुलिस टीम ने पांच युवकों को गांजा की खरीद-बिक्री करते हुए दबोचा। आरोपितों में पिनाकी दास, मोहम्मद आरिफुल रहमान, सद्दाम हुसैन, नौसाद खान और सारोवा आलम शामिल है। पांचो आरोपित ढकनीकाटा और देबीडांगा इलाके के निवासी बताए गए हैं। आरोपितों के पास से पुलिस ने 28 किलो गांजा के साथ 27 हजार रुपए नगद, एक मोटर साइकिल, एक स्कूटी, मोबाइल फोन आदि बरामद किया है। सभी आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत बुक कर शुक्रवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दूसरी घटना में गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की भक्ति नगर थाना पुलिस ने एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बीते गुरुवार की देर शाम सूचना के आधार पर भक्ति नगर थाने की सफेद पोशाक पुलिस टीम ने हैदरपाड़ा बाजार इलाके में अभियान चलाया। बाजार से एक युवक को एक झोला गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित युवक का नाम सुमन सरकार बताया गया है। आरोपित भक्ति नगर थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर इलाके का निवासी बताया गया है। आरोपित छह किलो गांजा को पेपर और प्लास्टिक के पैकेट में बांध कर एक झोला में रख हैदरपाड़ा बाजार में डिलीवरी करने पहुंचा था। आरोपित को एनडीपीएस एक्ट के तहत बुक कर शुक्रवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी