स्वच्छता से कोई समझौता नहीं: रंजन सरकार
-निगम के आला अधिकारियों के साथ की बैठक -बारिश से पहले ही ड्रेनों की होनी चाहिए सफा
-निगम के आला अधिकारियों के साथ की बैठक
-बारिश से पहले ही ड्रेनों की होनी चाहिए सफाई जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: नगर निगम क्षेत्र के लोगों को जन सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छता से किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं होगा। यह कहना है सिलीगुड़ी नगर निगम प्रशासनिक बोर्ड के सदस्य रंजन सरकार का। रविवार को नगर निगम के सभी 47 वार्डो के वार्ड मास्टर, बोरो अधिकारी और सुपरवाइजर को लेकर रविंद्र मंच में बैठक की गई। बैठक में उनके साथ प्रशासनिक बोर्ड के सदस्य आलोक चक्रवर्ती, सफाई की जिम्मेदारी देख रहे गणेश भट्टाचार्य, सुब्रतो विश्वास तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। रंजन सरकार ने नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि कोविड-19 महामारी का रूप ले रही है। ऐसे में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देना होगा। नगर निगम की ओर से संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। बारिश को देखते हुए सभी को सुरक्षात्मक सामग्री मुहैया कराई जाएगी। हाईड्रेन बरसात से पहले पूरी तरह साफ हो जानी चाहिए। इसके लिए कितने मजदूर चाहिए, इसकी जानकारी नगर निगम को देनी होगी। यह बहाना नहीं सुना जाएगा कि तीन मजदूर नहीं मिलने के कारण सफाई नहीं हो सकी। यह भी कहा गया कि लगातार शिकायतें आ रही है तो शहर के विभिन्न वार्डो में बिल्डिंग बनाने के लिए सड़कों पर पत्थर बालू डाल दिए गए हैं। प्रत्येक वार्ड के जिम्मेदार अधिकारी पहले उन लोगों को उसे हटाने को कहेंगे। अगर वह नहीं हटाते हैं उसे नगर निगम के द्वारा उठा लिया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र की जनता को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े,इस पर विशेष जोर देना होगा।