क्राइम फ्री व नशा मुक्त सिटी को लेकर पुलिस अभियान

-डकैती की साजिश से एकत्रित हुए सात और सात नशा धंधेबाज गिरफ्तार जागरण संवाददाता सिलीगुड़

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 10:57 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 10:57 PM (IST)
क्राइम फ्री व नशा मुक्त सिटी को लेकर पुलिस अभियान
क्राइम फ्री व नशा मुक्त सिटी को लेकर पुलिस अभियान

-डकैती की साजिश से एकत्रित हुए सात और सात नशा धंधेबाज गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी को नशा मुक्त और क्राइम फ्री सिटी बनाने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर गौरव शर्मा के दिशा-निर्देशन में सभी थानों की पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की माटीगाड़ा, भक्ति नगर और न्यू जलपाईगुड़ी थाने की सफेद पोशाक पुलिस ने ताबड़तोड़ अभियान चलाकर अलग-अलग मामलों में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को रविवार अदालत में पेश कर दिया गया है।

गुप्त जानकारी के आधार पर बीते शनिवार की रात माटीगाड़ा थाना पुलिस ने परिवहन नगर इलाके में अभियान चलाकर डकैती की योजना को अंजाम देने के इरादे से एकत्रित हुए एक गिरोह पर धावा बोला। पुलिस को देखते ही डकैतों की टोली तीतर-बीतर हो गई। फिर भी पुलिस पांच आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपितों के नाम अकबर इस्लाम, आशीष थापा, बहादुर राय, अक्तारुल हक और मुन्ना शाह बताया गया है। पांचो आरोपित माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए गए हैं। पांचों को आईपीसी की धारा 399 और 402 के तहत बूक कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर दिया गया है। अदालत ने आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं गुप्त सूचना के आधार पर माटीगाड़ा थाना पुलिस ने घात लगाकर साउथ मोर इलाके से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर (मादक) के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से 275 ग्राम ब्राउन शुगर पुलिस ने जब्त किया। जब्त मादक की कीमत आठ लाख रुपए आंकी गई है। मादक के साथ गिरफ्तार आरोपितों के नाम सुल्तान इस्लाम, मकसुदल हक और मनोज विश्वास बताया गया है। माटीगाड़ा थाना पुलिस की माने तो तीनों आरोपित पुराने दागी है। इनके खिलाफ सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के कई थानों में चोरी-छिनताई के कई मामले दर्ज हैं। इन तीनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत बूक कर रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने इन तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके अतिरिक्त काफी दिनों से अवैध शराब का ठेका चलाने की शिकायत के आधार पर माटीगाड़ा थाना पुलिस ने बीते शनिवार की रात थाना क्षेत्र के भांगा पूल और विधान पल्ली इलाके में अभियान चलाकर भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब जब्त किया। साथ ही अवैध शराब का कारोबार करने के आरोप में पुलिस ने रमेश छेत्री और प्रशांत तमांग को गिरफ्तार किया। इन दोनों को भी रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। आरोपितों को न्यायिक हिरासत मे भेज दिया गया है।

इसके अतिरिक्त गुप्त सूचना के आधार पर भक्ति नगर थाना प्रभारी अमरेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाकर आठ किलो गांजा के साथ एक वृद्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपित बृद्ध का नाम खितिश बर्मन (60) बताया गया है। आरोपित कूचबिहार से गांजा लेकर सिलीगुड़ी पहुंचा था। जब्त गांजे की कीमत 25 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपित को एनडीपीएस एक्ट के तहत बूक कर रविवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। इधर, डकैती की योजना को अंजाम देने के इरादे से एकत्रित हुए एक दल की सूचना की मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने आईओसी इलाके में अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही डकैत गिरोह के सदस्य इधर-उधर भागने लगे। फिर भी पुलिस दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफल रही। आरोपितों के नाम अजय दे और राजू दास बताया गया है। ये दोनों सूर्यसेन कॉलोनी और जनता नगर इलाके के निवासी बताए गए हैं। इनके पास से पुलिस को धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं। इन दोनों को पुलिस ने डकैती की योजना में शामिल होने के आरोप पर रविवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया। वहीं गुप्त सूचना के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने शांति पारा इलाके में अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपित के पास से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब पुलिस ने बरामद किया है। आरोपित का नाम संजय बर्मन बताया गया है। आरोपित को रविवार जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

chat bot
आपका साथी