दुर्गा पूजा की आड़ में जमीन हड़पने की कोशिश

-अदालत के निर्देश के बाद भी नहीं हटाया पंडाल -थाने में फिर से दर्ज कराई गई शिकायत ज

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 10:28 PM (IST) Updated:Sat, 19 Oct 2019 06:24 AM (IST)
दुर्गा पूजा की आड़ में जमीन हड़पने की कोशिश
दुर्गा पूजा की आड़ में जमीन हड़पने की कोशिश

-अदालत के निर्देश के बाद भी नहीं हटाया पंडाल

-थाने में फिर से दर्ज कराई गई शिकायत जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : अदालत के निर्देश की अवहेलना करने व विवादित जमीन पर कब्जा करने का आरोप शहर में एक महिला दुर्गा पूजा कमिटी पर लगा है। जमीन के मालिक ने न्यू जलपाईगुड़ी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। दुर्गा पूजा को समाप्त हुए दस दिन बीतने के बाद भी विवादित जमीन से पूजा का पंडाल नहीं हटाये जाने से विवाद गहरा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी नगर निगम के 33 नंबर वार्ड स्थित अशोक नगर में शिव कुमार अग्रवाल व संतोष कुमार अग्रवाल की छह कंट्टा जमीन है। वर्ष 1987 में इन्होंने जमीन खरीदी थी। बाद में राजनीतिक दल से जुड़े इलाके के कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों ने इस पर कब्जा जमाने की कोशिश की। बाद में जमीन का यह विवाद अदालत तक गया। फिलहाल विवादित इस जमीन का मामला जलपाईगुड़ी अदालत में विचाराधीन है। शहर की नारी शक्ति दुर्गा पूजा कमिटी ने उक्त जमीन पर पूजा आयोजन के लिए अदालत से गुहार लगाई। अदालत ने दशमी के अगले दिन जमीन खाली करने का निर्देश देकर पूजा आयोजन की अनुमति दी। लेकिन दुर्गा पूजा समाप्त होने के दस दिन बाद भी जमीन से पंडाल नहीं हटाया गया। बल्कि जमीन को सामने से घेरकर छिटपुट निमार्ण कार्य भी कराए जाने का आरोप पूजा कमिटी पर लगा है। शिव कुमार अग्रवाल ने बताया कि जमीन हड़पने की पूरी कोशिश की जा रही है। अदालत के निर्देश को नजरअंदाज कर पूजा समाप्ति के दस दिन बाद भी पंडाल नहीं हटाया गया। बल्कि जमीन में निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इसके खिलाफ न्यू जलपाईगुड़ी थाने में शिकायत की गई है।

न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने अदालत के निर्देशानुसार मामले की जांच करने का भरोसा दिया है। वहीं दूसरी तरफ नारी शक्ति दुर्गा पूजा कमिटी से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो पाया।

chat bot
आपका साथी