'जीवन सुरक्षा का ख्याल रख कर मनाएं ईद'

-इस्लाम धर्मावलंबियों ने अपने पवित्र रमजान महीने को दी भावभिोर विदाई -कोरोना महामारी के

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 09:50 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 09:50 PM (IST)
'जीवन सुरक्षा का ख्याल रख कर मनाएं ईद'
'जीवन सुरक्षा का ख्याल रख कर मनाएं ईद'

-इस्लाम धर्मावलंबियों ने अपने पवित्र रमजान महीने को दी भावभिोर विदाई

-कोरोना महामारी के मद्देनजर मस्जिदों में सीमित संख्या में लोगों ने अदा की नमाज जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :

ईद खुशियों का त्योहार है। ईद का मतलब ही खुशी है। मगर, वर्तमान समय में यह खुशी तभी सार्थक है जब जीवन सुरक्षा का पूरा-पूरा ख्याल रखा जाए। कोरोना महामारी के मद्देनजर यह सर्वोपरि है। इसीलिए अपना, अपनों का व सबका ख्याल रखें। जीवन सुरक्षा का ख्याल रख कर ही ईद मनाएं। जो लोग संपन्न हैं वे इस संकट भरे काल में अपने आसपास के जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करें। ये बातें शहर की विभिन्न मस्जिदों के इमामों ने शुक्रवार को पवित्र रमजान महीने के अंतिम जुमा के उपलक्ष्य में रमजान की विदाई के मौके पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने सभी से अपील की कि समस्त द्वेष व दुराग्रह को भूल कर आपसी प्रेम व सौहार्द के साथ ईद मनाएं। वहीं, समाज के उपेक्षित तबकों का ईद में पूरा-पूरा ख्याल रखने का भी पैगाम दिया। कहा कि, कहीं ऐसा नहीं हो कि आप ईद की खुशियां मनाएं और जरूरतमंद लोग इस त्योहार में अपनी जरूरतों को भी पूरा कर पाने से ही वंचित रह जाएं। इसलिए जरूरतमंदों का भी पूरा-पूरा ख्याल रखें। जिनको आपकी सहायता की आवश्यकता हो उनका पूरा पूरा सहयोग करें। इसके साथ ही अगले बरस फिर पवित्र रमजान महीने के आने व भटकों को सही मार्ग पर लाने एवं अशुद्धियों के शुद्धिकरण की कामना व्यक्त की। आम लोगों से भी कहा कि पवित्र रमजान महीने के तप व प्रभाव से उत्पन्न अच्छाईयों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बना लें।

इस दिन पवित्र रमजान महीने की विदाई (अलविदा) के उपलक्ष में जुमा की नमाज में मस्जिदों में लोगों की उपस्थिति सीमित ही रही। कोरोना महामारी की रोकथाम की दिशा में सरकारी दिशा-निर्देशों के आलोक में ही ऐसा था। मस्जिदों में सीमित संख्या में लोगों ने नमाज अदा की व अल्लाह पाक से देश-दुनिया में कोरोना महामारी की समाप्ति, अमन, चैन व आपसी भाईचारगी की दुआएं मांगीं। सभी ने एक-दूसरे को पवित्र रमजान महीने एवं ईद की बधाईयां दीं।

ईद के बारे में एनजेपी जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल मन्नान जीलानी अशरफी सहरसावी ने बताया कि यदि 29 दिन का चांद हुआ तो गुरुवार 13 मई अथवा 30 दिन का चांद हुआ तो शुक्रवार 14 मई को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। उन्होंने सबसे अपील की है कि वे कोरोना सुरक्षा के मद्देनजर समस्त सरकारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए ही ईद मनाएं।

chat bot
आपका साथी