रहेंगे या जाएंगे प्रवीण अग्रवाल, चर्चा गरम

राज्य के साथ-साथ अब सिलीगुड़ी भाजपा में भी बदलाव तय

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:36 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 06:36 PM (IST)
रहेंगे या जाएंगे प्रवीण अग्रवाल, चर्चा गरम
रहेंगे या जाएंगे प्रवीण अग्रवाल, चर्चा गरम

-कई और को भी सता रहा है पत्ता साफ होने का डर

-सुकांत मजूमदार बनाएंगे अपनी नई टीम

-जिला अध्यक्ष बनने की जुगत में जुटे कई नेता जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : विधानसभा चुनाव के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव के कयास लगाए जा रहे थे। आखिरकार, राज्य में पार्टी के नेतृत्व में परिवर्तन हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की जगह भाजपा के युवा नेता व बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. सुकांत मजूमदार को पश्चिम बंगाल भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के बदलने के बाद सिलीगुड़ी समेत पूरे उत्तर बंगाल में भाजपा के अंदर जिला नेतृत्व में बदलाव के न सिर्फ कयास लगाए जाने लगे हैं, बल्कि जिला नेतृत्व में बदलाव की संभावना प्रबल हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार सुकांत मजूमदार अपनी नई टीम बनाएंगे। इस पर आलाकमान से चर्चा करने को वह दिल्ली भी गए हैं। सो, प्रबल संभावना है कि पूरे राज्य में जिला संगठन में आमूलचूल फेर-बदल की जाएगी।

इसको देखते हुए जहां एक ओर जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर बैठे नेता अपनी कुर्सी बचाने की जुगत में हैं तो दूसरी ओर ऐसे नेताओं की भी कमी नहीं है जो जमे-जमाऐ नेताओं के हटने के बाद उस कुर्सी पर कब्जा करना चाहते हैं। यही स्थिति भाजपा सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी की भी है। भाजपा सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी द्वारा मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही यहां पर भाजपा सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी में बदलाव होने वाला है। ऐसे में यह कयास लगना शुरू हो गया है कि वर्तमान जिला अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल रहेंगे या जाएंगे। इसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म है।

सूत्रों के अनुसार प्रवीण अग्रवाल का जाना करीब-करीब तय माना जा रहा है। सूत्रों ने बताया है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की तरह ही यहां भी किसी नए युवा चेहके को भाजपा सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके लिए दो-तीन नामों पर चर्चा भी शुरू हो गई। भाजपा में नए नामों की चर्चा शुरू हो जाने के बाद भाजपा के मौजूदा जिला अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल की विदाई लगभग तय मानी जा रही है। वैसे भी माना जा रहा है कि प्रवीण अग्रवाल आगे अपने दायित्व को औ निभाते रहने के इच्छुक भी नहीं हैं। हालांकि, उनके ही कार्यकाल में इस वर्ष मई में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा का शानदार प्रदर्शन न सिर्फ सिलीगुड़ी महकमा में बल्कि दार्जिलिंग जिले के सभी पांचों विधानसभा सीटों पर रहा। यहां भाजपा की शानदार जीत हुई। साथ ही सिलीगुड़ी से सटे डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा ने राज्य के तत्कालीन पर्यटन मंत्री तथा लगातार दो बार से निर्वाचित रहे गौतम देव को हराकर शानदार जीत दर्ज की। उसके बाद भी प्रवीण अग्रवाल को हटाने का मन पार्टी ने बना लिया है। उनके साथ वर्तमान जिला कमेटी के किन और नेताओं पर गाज गिरेगी, यह कह पाना संभव नहीं है। मगर, सूत्रों ने बताया है कि विधानसभा चुनाव में जिनकी जीत हुई है उनको भी संगठन का कामकाज सौंपा जाएगा। ऐसे में पहले से कुर्सी पर काबिज कई नेताओं का जाना तय माना जा रहा है। रेस में कौन सबसे आगे

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शकर घोष एवं माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के भाजपा विधायक आनंदमय बर्मन सबसे आगे चल रहे हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं दोनों नेताओं में से किसी एक को जिला अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी जा सकती है। यहा बता दें कि शकर घोष विधानसभा चुनाव से ठीक पहले माकपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। पार्टी ने उन्हें टिकट दिया और वह चुनाव जीतने में भी कामयाब रहे। ऐसे यह दोनों नेता पहली बार विधायक बने हैं। नांटू पाल को रहना होगा खाली हाथ

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तृणमूल काग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नाम नांटू पाल को संगठन में भी खाली हाथ रहना होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा जिला अध्यक्ष पद की रेस में वह कहीं भी नहीं हैं। संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी उन्हें कोई जगह मिलेगी या नहीं अभी कुछ भी तय नहीं है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विधानसभा चुनाव के बाद नांटू पाल भाजपा में उतने सक्रिय नहीं हैं। इसलिए उन्हें जिलाध्यक्ष की कुर्सी नहीं मिलेगी। भाजपा एक विशाल कार्यकर्ताओं वाली पार्टी है। जब प्रदेश नेतृत्व में बदलाव हो सकता है तो जिला नेतृत्व में भी यदि बदलाव होता है तो इसमें आश्चर्यजनक कुछ नहीं होगा। जिला कमेटी के संदर्भ में पार्टी जो निर्णय लेगी वह मान्य होगा।

-प्रवीण अग्रवाल,भाजपा जिला अध्यक्ष

chat bot
आपका साथी