बंगाल को छोड़कर तृकां के लिए कही और कुछ नहीं

संवाद सहयोगी बर्नपुर त्रिपुरा निकाय चुनाव का परिणाम रविवार को आने के बाद से भाजपा खेमे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 11:35 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 11:35 PM (IST)
बंगाल को छोड़कर तृकां के लिए कही और कुछ नहीं
बंगाल को छोड़कर तृकां के लिए कही और कुछ नहीं

संवाद सहयोगी, बर्नपुर : त्रिपुरा निकाय चुनाव का परिणाम रविवार को आने के बाद से भाजपा खेमे में उत्साह है। इस जीत से बंगाल भाजपा में भी खुशी है। आसनसोल के बर्नपुर स्थित रामबांध डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मारक समिति कार्यालय के समक्ष तथा बर्नपुर बारी मैदान के पास जीत की खुशी मनाई गई। इस दौरान एक दूसरे को केसरिया अबीर लगाया गया और लड्डू का वितरण किया गया।

इस दौरान भाजपा प्रदेश नेता पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में बारी मैदान और रामबांध स्मारक समिति कार्यालय के समक्ष लोगों को लड्डू बांटकर मुंह मीठा कराया गया। भाजपा नेता पवन कुमार सिंह ने कहा कि त्रिपुरा निकाय चुनाव में भाजपा का जन समर्थन दिखा, 334 सीटों में 329 में भाजपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की। तीन माकपा, एक निर्दलीय और एक टीएमसी को सीट मिली है। टीएमसी का जीता प्रत्याशी भाजपा में योगदान देने वाला है। त्रिपुरा में भाजपा आम लोगों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम तृणमूल कांग्रेस को यह संदेश दे रहे है कि बंगाल छोड़कर कही और कुछ नहीं है। घूमने के लिए कोई त्रिपुरा जाए, कोई गोवा जाए खुशी की बात है। त्रिपुरा में तृकां का कोई अस्तित्व है ही नहीं। लेकिन बंगाल की बात करे तो चुनाव के बाद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मारे गए, कितने घर को जला दिया गया, महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुआ, इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई और त्रिपुरा के ऊपर ध्यान दिया जा रहा है, यह दुख की बात है। इस दौरान भाजपा नेताओं में शंकर चौधरी, परिमल पाल, विद्युत कर्मकार, अरविद श्रीवास्तव, मोहन हेला, डोला साहाना, महेंद्र यादव आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी