सुकुमार की वापसी, सुकोमल का इस्तीफा !

जागरण संवाददाता आसनसोल आसनसोल नगरनिगम के अधीक्षण अभियंता सुकोमल मंडल ने इस्तीफा दे दिया ह

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 11:00 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 11:00 PM (IST)
सुकुमार की वापसी, सुकोमल का इस्तीफा !
सुकुमार की वापसी, सुकोमल का इस्तीफा !

जागरण संवाददाता, आसनसोल : आसनसोल नगरनिगम के अधीक्षण अभियंता सुकोमल मंडल ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि चेयरपर्सन अमरनाथ चटर्जी ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने से इंकार किया है। वहीं नगरनिगम मुख्यालय में फिर से सुकुमार मुखर्जी की कार्यपालक अभियंता के पद पर वापसी हुई है। गौरतलब है कि कभी सुकुमार मुखर्जी नगरनिगम के सिरमौर हुआ करते थे। लेकिन जितेंद्र तिवारी ने मेयर बनने के बाद ही उनके पर कतर दिये थे। बीते करीब छह साल तक वह जैसे वनवास में रहे। उनकी जगह उनके कनिष्ठ रहे सुकोमल मंडल को पहले कार्यपालक अभियंता और बाद में अधीक्षण अभियंता बनाया गया था। जितेंद्र तिवारी के इस्तीफे के कुछ माह बाद ही उनकी नगरनिगम में वापसी हुई। पहले उन्हें रानीगंज बोरो का कार्यपालक अभियंता का दायित्व दिया गया था। अब कुछ दिनों पहले ही उन्हें नगरनिगम मुख्यालय में पदस्थापित कर महत्वपूर्ण दायित्व दिये गये हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि अब सुकोमल मंडल के पर कतर दिये गये हैं। हालांकि इसके बाद भी सुकोमल मंडल अधीक्षण अभियंता का दायित्व संभाल रहे थे। वहीं कुछ दिनों पहले ही राज्य सरकार ने उन्हें इसी पद पर फरवरी 2022 तक का एक्सटेंशन भी दे दिया। लेकिन सोमवार को शारीरिक अस्वस्थता का हवाला देते हुए सुकोमल मंडल ने इस्तीफा का पत्र चेयरपर्सन को भेजा। हालांकि चेयरपर्सन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। हमलोग नहीं चाहते हैं कि वह पद छोड़कर जाए। जलापूर्ति योजना में उनकी अहम भूमिका है। वहीं राज्य सरकार ने उन्हें एक्सटेंशन दिया है, तो इस फैसले के ऊउपर फैसला लेने का हमारा अधिकार भी नहीं है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सुकोमल मंडल पद पर बने रहते हैं या वापस जाते हैं। इस घटना को लेकर सोमवार को नगरनिगम मुख्यालय एवं बोरो कार्यालयों से लेकर शिल्पांचल के राजनीतिक हलकों में चर्चा होती रही।

chat bot
आपका साथी