जेल अधिकारी के दु‌र्व्यवहार के खिलाफ कैदियों का अनशन

जागरण संवाददाता आसनसोल आसनसोल सुधार गृह जेल के अधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 06:12 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 06:12 PM (IST)
जेल अधिकारी के दु‌र्व्यवहार के खिलाफ कैदियों का अनशन
जेल अधिकारी के दु‌र्व्यवहार के खिलाफ कैदियों का अनशन

जागरण संवाददाता, आसनसोल : आसनसोल सुधार गृह जेल के अधिकारी के औचक निरीक्षण के दौरान सात नंबर वार्ड में मंगलवार शाम एक कैदी के साथ दु‌र्व्यवहार किए जाने के विरोध में कैदी अनशन पर चले गए। मंगलवार रात से बुधवार शाम तक सभी कैदी अनशन पर रहे। कैदियों ने जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की, इस घटना से पूरे जेल में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिससे जेल प्रशासन में हडकंप मच गया। मंगलवार रात से ही कैदियों को मनाने के लिए जेल प्रशासन रेस हो गए, लेकिन कैदी अनशन पर बैठे रहे, किसी ने खाना नहीं खाया। जेल में हुई घटना को जानने के लिए जेल अधीक्षक अमृता मंडल, उप जेलर मार्शल सोरेन से संपर्क किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। घटना के संबंध में जिला शासक अरुण प्रसाद ने कहा कि मीडिया के माध्यम से यह घटना उनके संज्ञान में आई है। आसनसोल जेल की घटना की जांच संबंधित विभाग से कराएंगे। एसडीओ अभिज्ञान पांजा ने कहा कि उनको घटना की जानकारी मिली है, वह इसके बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ले रहे है।

बताया जाता है कि मंगलवार शाम को सात नंबर वार्ड में एक कैदी खाना खा रहा था, तभी जेल के अधिकारी ने उसके साथ दु‌र्व्यवहार किया। इसकी जानकारी अन्य कैदियों को होने पर सभी कैदी अनशन पर बैठ गए और किसी ने खाना नही खाया। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को होने पर जेल प्रशासन को ऊपर से आदेश मिला कि कैदियों के साथ बैठ कर बातचीत कर बीच का रास्ता निकाला जाए। इसके बाद जेल प्रशासन ने जेल के अंदर बुधवार की दोपहर बातचीत की। लेकिन कैदी मानने को तैयार नहीं हुए। इसके पश्चात शाम को फिर जेल के अधिकारियों के कैदियों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन देने के बाद कैदियों ने अनशन समाप्त किया। जेल में जाकर इस संबंध में जेलर अथवा अन्य अधिकारी का पक्ष लेने का प्रयास किया, लेकिन जेल का कोई भी अधिकारी इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से बचते रहे।

...............

जेल में है एनामुल सहित कई कैदी

आसनसोल : आसनसोल जेल में इस समय कई कैदियों का जमावड़ा है। जिसमें तेजपाल सिंह अपहरणकांड मामले में चंदन सोनार, पप्पू चौधरी, अभिषेक चौधरी, दीपक कुमार बंद है। वहीं चर्चित करोड़ों रुपये की गौ तस्करी मामले में एनामुल हक, कोयला तस्करी मामले में जयदेव मंडल, नारायण खड़का, निरोद मंडल, गुरुपद माझी के अलावा बर्नपुर मुथूट डकैती कांड से जुड़े बिहार झारखंड तथा उत्तर प्रदेश के कई नामी गिरामी कैदी भी है।

chat bot
आपका साथी