होर्डिंग, पार्किंग में तीन करोड़ की बंदरबांट

जागरण संवाददाता आसनसोल आसनसोल नगर निगम चुनाव करीब आते ही शिल्पांचल में राजनीतिक सरगमी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 11:10 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 11:10 PM (IST)
होर्डिंग, पार्किंग में तीन करोड़ की बंदरबांट
होर्डिंग, पार्किंग में तीन करोड़ की बंदरबांट

जागरण संवाददाता, आसनसोल : आसनसोल नगर निगम चुनाव करीब आते ही शिल्पांचल में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा जिला कार्यालय में प्रेंस कांफ्रेंस कर भाजपा नेता सह पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी ने आसनसोल नगरनिगम में काबिज टीएमसी पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि इस बार नगरनिगम में भाजपा का कब्जा होगा। यह भी कहा कि नगरनिगम में बोर्ड एक साल से लेकिन कोई काम नहीं किया जा रहा है। लोगों को कहा जा रहा है कि विकास के लिए फंड नहीं है। जबकि आय का स्त्रोत खुद इनलोगों ने बंद किया है। होर्डिंग और पार्किंग को लेकर जनवरी से अभी तक टेंडर नहीं किया। अब जब उनकी विदाई का समय आया है तो तब टेंडर कर रहे हैं। इस मद में बकाया तीन करोड़ रुपये की वसूली के लिए कुछ नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन करोड़ रुपये का बंदरबांट हुआ है। एक साल से इस बकाया राशि को उगाही के लिए कोई पहल क्यों नहीं की गई। जिनलोगों ने राशि का भुगतान नहीं किया उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा नए सिरे से टेंडर किया गया है और कहा गया है कि जिनके पैसे बकाया हैं वह टेंडर का हिस्सा नहीं बन सकते। जबकि एक ही व्यक्ति के पास कई फर्म के ट्रेड लाइसेंस होते हैं। नगर निगम एक ट्रेड लाइसेंस को ब्लैक लिस्ट करेगा तो वह अन्य ट्रेड लाइसेंस का इस्तेमाल कर टेंडर प्रक्रिया का हिस्सा बन जाएगा। साथ ही इसमें पार्किंग का कोई रिजर्व प्राइस सार्वजनिक नहीं किया गया है। जिससे ही टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहा है। अपने लोगों को टेंडर दिलवाने के लिए ऐसा किया गया है। वहीं इन आरोपों को लेकर नगरनिगम चेयरपर्सन या टीएमसी की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

सुरक्षा गार्ड से हेडमास्टर की निगरानी : नगरनिगम में पर्यवेक्षक नियुक्ति को लेकर भी जितेन्द्र तिवारी ने कटाक्ष करते हुए इसे हास्यास्पद बताते हुए कहा कि नगरनिगम के आयुक्त राज्य के संयुक्त सचिव के अधिकारी हैं। वह एक आइएएस अधिकारी है। वहीं राज्य ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, वह जिला परिषद के उप सचिव हैं। वह राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी है। यह तो वैसा ही हुआ कि किसी स्कूल के हेडमास्टर के कार्य का मूल्यांकन या निगरानी स्कूल के सुरक्षा गार्ड से करवाना।

स्थानीय नेताओं का कद ममता बनर्जी से बड़ा नहीं : जितेन्द्र तिवारी ने कहा कि टीएमसी में सर्वोच्च नेत्री ममता बनर्जी हैं। विधानसभा चुनाव में उनके नाम पर ही टीएमसी को वोट मिला है। उस समय जब आसनसोल नगरनिगम के 65-66 वार्डों में भाजपा को बढ़त मिली है, तो नगरनिगम चुनाव में क्या होगा, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। टीएमसी अधिकतम वोट पाकर भी जब नगरनिगम इलाके के वार्डों में पिछड़ गई, तो नगरनिगम चुनाव में क्या स्थानीय नेताओं का कद ममता बनर्जी से अधिक है, जो उन्हें अधिक वोट मिलेगा। नगरनिगम में भाजपा का कब्जा तय है।

इस दौरान भाजपा जिला संयोजक शिबराम बर्मन, विधायक डा. अजय पोद्दार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अरिजीत राय, पूर्व पार्षद अभिजीत आचार्या, बीगू ठाकुर, आशा शर्मा, मधुमिता चटर्जी, सुदीप चौधरी आदि मौजूद थे।

भाजपा मुंगेरीलाल का सपना देखना छोड़ दे : तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश सचिव वी शिवदासन दासू ने कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल का सपना देखना छोड़ दे। आसनसोल नगर निगम में तृणमूल कांग्रेस का ही बोर्ड बनेगा। यहां की जनता को तृणमूल चाहिए, जनता तृणमूल के साथ है।

chat bot
आपका साथी