केंदा में सियासी संघर्ष, बमबाजी भी, कई घरों में लगाई आग

संवाद सहयोगी जामुड़िया जामुड़िया थाना के केंदा फांडी के अंतर्गत केंदा गांव में तीन नंबर बा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 11:26 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 11:26 PM (IST)
केंदा में सियासी संघर्ष, बमबाजी भी, कई घरों में लगाई आग
केंदा में सियासी संघर्ष, बमबाजी भी, कई घरों में लगाई आग

संवाद सहयोगी, जामुड़िया : जामुड़िया थाना के केंदा फांडी के अंतर्गत केंदा गांव में तीन नंबर बाउरी पाड़ा में बुधवार की रात दो समूह में सियासी संघर्ष हुआ। बमबाजी हुई। कई घरों एवं गाड़ियों में आग लगा दी गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इलाके में तनाव है। जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह एवं सर्किल इंस्पेक्टर ने गुरुवार की सुबह मुआयना किया। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।

माकपा समर्थक रोहित बाउरी ने बताया कि बुधवार की शाम इलाके के कुछ लोगों ने उन्हें रोका था। पूछा था कि चुनाव के दौरान उनकी मां माकपा के एजेंट के रूप में बूथ में क्यों बैठी थी। उसने जवाब दिया कि परिवार के कुछ सदस्य माकपा का समर्थन करते हैं। उसका किसी पार्टी से कोई संबंध नहीं है। रोहित बाउरी बोले कि जवाब देने के बाद तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। बाउरी पाड़ा के लोगों ने केंदा फांडी में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मोहल्ले पर हमला किया गया। घर में तोड़ फोड़ की गई। बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। बमबाजी की गई। माकपा के पूर्व पंचायत सदस्य कृष्णा बाउरी के घर में भी तोड़फोड़ की गई। अपराधियों ने बम, पिस्तौल, लोहे के रॉड जैसे हथियारों से हमला किया है। जोशना बाउरी ने बताया कि डेढ़ सौ लोगों ने घरों पर हमला किया। तमाम लोग दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। उनके हाथों में हथियार थे। वे लोग घर में मौजूद छोटे बच्चों को भी मारने की धमकी दे रहे थे। माकपा का समर्थन करने के कारण हमला किया गया।

तृणमूल समर्थक बोली, ससुर के साथ धक्कामुक्की की गई : तृणमूल समर्थक श्रीयतमा भट्टाचार्य ने कहा कि बुधवार की रात नौ बजे बाउरी पाड़ा में सौ से अधिक लोगों ने घर में तोड़फोड़ की। गाली गलौज किया गया। महिलाओं से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। ससुर के साथ धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने रात को ही घर की तलाशी ली। आधी रात को ससुर को थाना ले जाया गया।

chat bot
आपका साथी