फरिश्ता बने सिविल डिफेंस के 60 सदस्य

जागरण संवाददाता आसनसोल दो दिनों तक हुई लगातार बारिश के कारण आसनसोल शहर सहित ग्रा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 11:27 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 11:27 PM (IST)
फरिश्ता बने सिविल डिफेंस के 60 सदस्य
फरिश्ता बने सिविल डिफेंस के 60 सदस्य

जागरण संवाददाता, आसनसोल : दो दिनों तक हुई लगातार बारिश के कारण आसनसोल शहर सहित ग्रामीण इलाके जलमग्न हो गए हैं। हटन रोड में तालाब जैसी स्थिति हो गई। प्रसिद्ध घाघरबुढी मंदिर में भी पानी घुस गया। कल्याणपुर हाउसिग का पुल भी नदी में डूब गया। हालांकि शाम को बारिश थमी लेकिन कई इलाकों में अभी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। जबकि नदी के आसपास के इलाके पूरी तरह से जलमग्न है। ऐसे में सिविल डिफेंस की टीम मुसीबत में फंसे लोगों के लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं थी। सिविल डिफेंस की पांच टीमों ने जहां शुक्रवार को रेलपार, वार्ड नंबर 22, 24 से 29 के अलावा वार्ड नंबर 29 व दामोदर नदी के आसपास राहत कार्य चलाया, वहीं शनिवार को भी दामोदर नदी के आसपास के इलाकों में टीम के 60 सदस्य पूरी मुस्तैदी से लोगों के जानमाल की सुरक्षा में जुटे थे। राहत कार्य में जुटी टीम ने दो हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ऐसे लोगों को 30 अस्थायी राहत शिविरों में रखा गया है। 28 स्कूल व दो क्लबों में राहत शिविर बनाए गए हैं। मैथन इलाके में 119 एमएम हुई बारिश का असर यह हुआ कि पांच हजार क्यूसेक पानी मैथन डैम से छोड़ा गया। वहीं पंचेत में 97 मिली बारिश हुई है। कहना न होगा कि इस बारिश में घर क्षतिग्रस्त होने के कारण कई परिवार बेघर हो गए हैं। इनके लिए भी जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की ओर से राहत सामग्री प्रदान की जा रही है। वहीं अभी भी सिविल डिफेंस की टीम राहत कार्य में पूरी मुस्तैदी से जुटी है।

डा. अभिजीत शेवाले, एडीएम, पश्चिम ब‌र्द्धमान ने कहा कि सिविल डिफेंस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। अभी भी दामोदर नदी के आसपास राहत कार्य जारी है। दो हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। जहां कही से भी सूचना मिल रही है, उस पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी