यमुनोत्री के दर्शन को करना पड़ रहा इंतजार

संवाद सूत्र बड़कोट (उत्तरकाशी) चारधाम यात्रियों को यमुनोत्री धाम दर्शन के लिए बड़कोट और

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 06:02 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 06:02 PM (IST)
यमुनोत्री के दर्शन को करना पड़ रहा इंतजार
यमुनोत्री के दर्शन को करना पड़ रहा इंतजार

संवाद सूत्र बड़कोट (उत्तरकाशी) : चारधाम यात्रियों को यमुनोत्री धाम दर्शन के लिए बड़कोट और डामटा में इंतजार करना पड़ रहा है। इसके साथ ही इन दोनों कस्बों में यात्रियों को रहने की समुचित व्यवस्था न होने से भी जूझना पड़ रहा है। साथ ही डामटा क्षेत्र में इंटरनेट की सुविधा न होने के कारण भी यात्री परेशान हैं। भले ही प्रशासन की ओर बड़कोट के निकट दोबाटा में उन यात्रियों को आफ लाइन पास जारी किए जा रहे हैं, जो किसी कारण आन लाइन पास नहीं बना सके हैं।

यमुनोत्री धाम से 40 किलोमीटर पहले बड़कोट दोबाटा में तैनात यात्रा मजिस्ट्रेट भगवान सिंह रावत ने बताया कि यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए एक दिन में यात्रियों की संख्या 400 निर्धारित है। इसी संख्या के अनुरूप प्रति दिन बड़कोट दोबाटा से यात्रियों को भेजा जा रहा है। जबकि 60 से अधिक यात्रियों को अगले दिन का इंतजार करना पड़ा रहा है। रविवार सुबह साढ़े दस बजे ही 400 यात्रियों का आंकड़ा पूरा हो गया था। जिसके बाद जो यात्री आए हैं उन्हें सोमवार को भेजा जाएगा। बनारस निवासी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि डामटा के पास पुलिस चौकी में करीब यात्रियों को तीन-तीन घंटे इंतजार करना पड़ रह है। जिन यात्रियों का देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के पोर्टल में आन लाइन पंजीकरण नहीं है। उन्हें पंजीकरण के लिए भेजा जा रहा है, लेकिन डामटा कस्बे के आसपास नेटवर्क की बहुत बुरी स्थिति है।

यमुनोत्री के लिए जारी हुए आफ लाइन पास

दिनांक यात्री

21 सितंबर 04

22 सितंबर 00

23 सितंबर 119

24 सितंबर 224

25 सितंबर 303

26 सितंबर 56 (सुबह दस बजे तक)

यात्रियों की संख्या बढ़ाने की मांग

उत्तरकाशी : होटल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि यमुनोत्री और गंगोत्री के लिए जो संख्या है वह बेहद ही कम है। उन्होंने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए एक बराबर संख्या रखने की मांग की है। शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि विभिन्न राज्यों से जो यात्री यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं वे चारों धामों के दर्शन करने के लिए आए हैं। यात्री पहले यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के लिए जाते हैं। वहां सरकार ने प्रति दिन की संख्या चार रखी है और गंगोत्री के लिए छह सौ रखी है। यमुनोत्री धाम में चार सौ यात्रियों की संख्या सुबह दस बजे तक ही पूरी हो जा रही है। इसलिए उनकी मांग है कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन को कम से कम दो-दो हजार यात्रियों की संख्या निर्धारित की जाए।

chat bot
आपका साथी