धरातल पर उतरी योजना तो हर्षित होंगे हर्षिल आने वाले पर्यटक

हर्षिल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटक स्थल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार होने लगी है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 10:00 PM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 05:15 AM (IST)
धरातल पर उतरी योजना तो हर्षित होंगे हर्षिल आने वाले पर्यटक
धरातल पर उतरी योजना तो हर्षित होंगे हर्षिल आने वाले पर्यटक

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी :

हर्षिल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटक स्थल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार होने लगी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसकी पहल की है। इसको लेकर हर्षिल के स्थानीय व्यक्तियों और पर्यटन व्यवसायियों के साथ बैठक हो चुकी है। साथ ही विभिन्न विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के आदेश किए गए हैं।

दरअसल हर्षिल में विकास कार्यों और स्थानीय निर्माण को लेकर अभी तक कोई भी मास्टर प्लान नहीं है। अनियोजित ढंग से किए जा रहे कार्यों के कारण हर्षिल की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है। बीते 11 अक्टूबर को जब जिलाधिकारी मयूर दीक्षित हर्षिल गए तो वहां की स्थिति देखकर व्यथित हुए। वहां जगह-जगह झूलती बिजली की तार, रास्तों पर सीमेंट की टाइल्स, जगह-जगह बिखरा कूड़ा सहित अन्य अव्यवस्था देखी। उत्तरकाशी लौटने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हर्षिल ग्राम पंचायत, इको पर्यटन प्रबंधन विकास समिति हर्षिल, होटल व पर्यटन एसोसिएशन से जुड़े व्यवसायियों की बैठक बुलाई। जिसमें जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हर्षिल को किस तरह से अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन डेस्टिनेशन बनाया जा सकता है। इसके लिए कार्ययोजना तैयार करें।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि पार्किंग स्थल निर्माण, कूड़ा प्रबंधन, बिजली की तारों व अन्य केबल को अंडरग्राउंड किया जाना जरूरी है। पैदल मार्ग निर्माण के लिए पत्थरों या कोबाल्ट स्टोन का प्रयोग किया जाए। सीसीटीवी कैमरे, फैंसी स्ट्रीट लाइट लगायी जाए। होम स्टे पर भी लकड़ी के बोर्ड लगाए जाएं, जो एक जैसे हों। ट्राउट एंगलिग, लामा टिकरी ट्रेक, पटाल से पहाड़ी शैली में भवन निर्माण, हर्षिल को वाई-फाई जोन बनाना, वन विभाग की ओर से नेचर पार्क निर्माण, व्यू प्वाइंट बनाने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आदेश भी जारी कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी