सरकार के खिलाफ जन आंदोलन करेंगे तीर्थ पुरोहित

जागरण टीम गढ़वाल देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को रद करने की मांग को लेकर केदारनाथ धाम के तीथ

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 06:21 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 06:21 PM (IST)
सरकार के खिलाफ जन आंदोलन करेंगे तीर्थ पुरोहित
सरकार के खिलाफ जन आंदोलन करेंगे तीर्थ पुरोहित

जागरण टीम, गढ़वाल: देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को रद करने की मांग को लेकर केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों ने यात्रा मार्ग से जुड़े व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भी आंदोलन में शामिल कर जन आंदोलन की बात कही है। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों का धरना प्रदर्शन भी जारी है। यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में तीर्थ पुरोहितों ने काली पट्टी बांधकर मुख्यमंत्री को उनकी घोषणा याद दिलाई।

गुरुवार को तीर्थ पुरोहितों ने केदारनाथ मंदिर परिसर में धरना जारी रखा। तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि सरकार देवस्थानम बोर्ड को लेकर उनके हक समाप्त करना चाहती है, यह होने नहीं दिया जाएगा। वहीं तीर्थपुरोहित संतोष त्रिवेदी ने कहा कि इस आंदोलन को जन आंदोलन बनाया जाएगा। इसमें चारों धामों में यात्रा मार्ग से जुड़े व्यापारियों व स्थानीय निवासियों को भी शामिल किया जाएगा। कहा कि सरकार पर दबाव बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और जब तक सरकार बोर्ड को भंग नहीं कर देती आंदोलन जारी रखा जाएगा। धरना देने वालों में वयोवृद्ध तीर्थपुरोहित उमेश पोस्ती, अमित शुक्ला, पंकज शुक्ला, महेश प्रसाद बगवाड़ी, अशोक शुक्ला, अंकुर शुक्ला आदि शामिल थे।

वहीं गुरुवार को यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में पुरोहित महासभा यमुनोत्री के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने कहा कि सरकार के तानाशाही निर्णय के कारण तीर्थ पुरोहितों को नियमित पूजा-अर्चना के बजाय धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इस मौके पर सचिव लखन उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के पूर्व उपाध्यक्ष पवन उनियाल, जगमोहन उनियाल, अनिरुद्ध उनियाल, रमेश उनियाल आदि मौजूद थे। वहीं गंगोत्री धाम में भी तीर्थ पुरोहितों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से हरिद्वार कुंभ के दौरान की गई घोषणा के अनुरूप देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को शीघ्र रद करने की मांग की। इस अवसर पर दीपक सेमवाल, अरुण सेमवाल, अमरीश सेमवाल, संजय सेमवाल, प्रवीण सेमवाल, रवि सेमवाल आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी