सेना के लिए सुखद रही है ग्रामीणों की मौजूदगी

जागरण संवाददाता उत्तरकाशी हर्षिल में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड पुलिस बार्डर विकास उत्स

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 05:28 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 07:39 PM (IST)
सेना के लिए सुखद रही है  ग्रामीणों की मौजूदगी
सेना के लिए सुखद रही है ग्रामीणों की मौजूदगी

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : हर्षिल में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड पुलिस बार्डर विकास उत्सव की शुरुआत पुलिस उप महानिरीक्षक (गढ़वाल) करण सिंह नगन्याल ने किया। महोत्सव में स्कूली बच्चों, पुलिस जवानों एवं संवेदना समूह के कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।

पुलिस उप महानिरीक्षक (गढ़वाल) करण सिंह नगन्याल ने कहा कि सीमांत गांव में ग्रामीणों की मौजूदगी हमेशा सेना के लिए सुखद रही है, लेकिन 1962 के चीन-भारत युद्ध के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सीमांत गांव से निचले क्षेत्रों में पलायन किया। इस कारण ये गांव खाली हुए। उन्होंने आश्वासन दिया कि गैर आबाद सीमांत गांव को आबाद करने, स्थानीयजनों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए एक रिपोर्ट शासन को सौंपी। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि बार्डर उत्सव का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों के खान-पान, रहन-सहन, संस्कृति, परम्पराओं एवं विकास को बढ़ावा देना है। साथ ही पर्यटकों को यहां की संस्कृति से रूबरू कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस की ओर से प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों, क्षेत्रों में बार्डर विकास उत्सव का आयोजन किया गया है। इस मौके पर खेल विभाग उत्तरकाशी की ओर से हर्षिल में वालीबाल मैच का भी आयोजन किया गया। बार्डर विकास उत्सव में उद्यान, कृषि, पशुपालन, पूर्ति विभाग, पर्यटन, समाज कल्याण, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, आइएलएसपी सहित सेना, आइटीबीपी, पुलिस, एसडीआरएफ, निम, आपदा प्रबंधन की ओर से स्टाल लगाए गए। इस अवसर पर डीएम मयूर दीक्षित ब्लाक प्रमुख भटवाड़ी विनीता राणा, भाजपा नेता जगमोहन सिंह रावत, पूर्व विधायक ज्ञानचंद, गुमान सिंह नेगी, नागेंद्र सिंह, दिनेश भट्ट, हर्षिल के प्रधान दिनेश रावत, उपला टकनौर विकास जनमंच के अध्यक्ष माधवेंद्र सिंह रावत, बगोरी के पूर्व प्रधान भवान सिंह राणा सहित आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी