गंगोत्री और यमुनोत्री में तीर्थ पुरोहितों का प्रदर्शन, रखा उपवास

चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को रद करने की मांग को लेकर तीर्थ पुरोहितों ने एक दिवसीय उपवास किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 10:57 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 11:01 PM (IST)
गंगोत्री और यमुनोत्री में तीर्थ पुरोहितों का प्रदर्शन, रखा उपवास
गंगोत्री और यमुनोत्री में तीर्थ पुरोहितों का प्रदर्शन, रखा उपवास

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को रद करने की मांग को लेकर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने मंगलवार को एक दिन का उपवास रखा। साथ ही देवस्थानम की पैरवी करने वाले नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।

तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि चारधाम सरकार की जागीर नहीं हैं। इन धामों को हमारे पूर्वजों ने संरक्षित किया है तथा परंपराओं को अक्षुण्ण रखा है। दोनों धामों के तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि 20 जून को उत्तराखंड राज्य सरकार की बुद्धि और शुद्धि के लिए हवन यज्ञ किया जाएगा। 21 जून से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनिश्चितकालीन धरना गंगोत्री, यमुनोत्री, खरसाली और मुखवा में प्रारंभ किया जाएगा।

गंगोत्री के तीथ पुरोहितों ने गंगोत्री धाम और गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा में मंगलवार को उपवास किया। साथ ही मंदिर परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उधर, यमुनोत्री धाम में भी तीर्थ पुरोहितों ने देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर खरसाली शीतकालीन मंदिर परिसर और यमुनोत्री धाम में एक दिवसीय उपवास किया। इस मौके पर पुरोहित महासभा की सचिव लखन उनियाल, चंद्रमणि उनियाल, अनिल उनियाल, पूर्व प्रवक्ता बागेश्वर उनियाल, चक्रधर उनियाल, कपिल उनियाल तथा गंगोत्री में राकेश सेमवाल, संजय सेमवाल, बद्री प्रसाद सेमवाल, कामेश्वर सेमवाल, दिनेश सेमवाल आदि मौजूद थे।

--------------

तीर्थ पुरोहितों के समर्थन में उक्रांद का प्रदर्शन

जोशीमठ: कांग्रेस के बाद अब उत्तराखंड क्रांति दल भी तीर्थ पुरोहितों के समर्थन में सड़कों पर उतर आया है। उक्रांद ने मंगलवार को जोशीमठ में देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। दल के पदाधिकारियों ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड के गठन के बाद लगातार हक हकूकों का हनन किया जा रहा है। पौराणिक परंपराओं से छेड़खानी की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नृसिंह मंदिर में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उक्रांद ने देवस्थानम बोर्ड को तत्काल वापस लेने की मांग की। कहा कि इस मसले पर जल्द ही सरकार ने निर्णय नहीं दिया तो पहले जनपद स्तर पर और बाद में राज्यस्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। विरोध प्रदर्शन में चमोली के जिलाध्यक्ष अरुण लाल शाह, उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष संतोष सेमवाल, जिलाध्यक्ष पौड़ी मनमोहन पंत, जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग राजेंद प्रसाद नौटियाल, जिलाध्यक्ष खटीमा राम सिंह धामी आदि मौजूद थे। (संसू)

chat bot
आपका साथी