बोल्डर गिरने की आवाज से रातभर जागते रहे लोग

जागरण संवाददाता उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के निकट मनेरा बाईपास मार्ग पर लगातार पहाड़ी से

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 06:47 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 06:47 PM (IST)
बोल्डर गिरने की आवाज से रातभर जागते रहे लोग
बोल्डर गिरने की आवाज से रातभर जागते रहे लोग

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: जिला मुख्यालय के निकट मनेरा बाईपास मार्ग पर लगातार पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। शनिवार रात भारी बोल्डरों के गिरने की आवाज ज्ञानसू, मनेरा और कंसेण तक पहुंची, जिससे ग्रामीण रातभर जागते रहे। यह सिलसिला रविवार पूरे दिन जारी रहा। रुक-रुक कर लगातार भूस्खलन होता रहा।

उत्तरकाशी के जोशियाड़ा मनेरा चुंगी बड़ेथी को जोड़ने वाले बाईपास मार्ग मनेरा के निकट पहाड़ी से भूधसाव पिछले कई वर्षों से हो रहा है। भूधसाव के कारण हर बरसात में मनेरा बाईपास मार्ग बाधित होता है, लेकिन इस बार पिछले तीन दिनों से बिना बारिश पहाड़ी से भारी बोल्डर गिर रहे हैं। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। शनिवार रात और रविवार पूरे दिन ज्ञानसू के सामने मनेरा बाईपास की पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इसके कारण बाईपास मार्ग भी बाधित हुआ। ज्ञानसू निवासी राजपाल बिष्ट ने कहा कि रात में पत्थर गिरने की आवाज से कई लोग रातभर जागे रहे। रात के समय पत्थर गिरने और टकराने से चिगारी भी निकल रही थी, जो बेहद डरावना था। भले सतर्कता दिखाते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने इस मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से यातायात रोक दिया है, लेकिन सुबह के समय मनेरा बाईपास पर टहलने वालों और खच्चर वालों पर अभी प्रतिबंध नहीं लगा है। बीते शनिवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबराणी के पास पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ था। इस दौरान एक भेड़ पालक और एक ढाबा संचालक की जान बाल-बाल बची थी। इसके साथ ही गंगोत्री नेशनल हाईवे पर आवाजाही करने वाले करीब 25 व्यक्तियों की जान आपदा प्रबंधन विभाग के स्वयंसेवक राजेश रावत की सतर्कता से बच पाई थी।

chat bot
आपका साथी