उत्तरकाशी: गंगोत्री-यमुनोत्री में ध्वजारोहण, 2800 मीटर की ऊंचाई पर भी मना आजादी का जश्न

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के साथ पूरे उत्तरकाशी जिले में आजादी का जश्न धूमधाम से मनाया गया। धामों में तीर्थपुरोहितों ने ध्वजारोहण किया। वहीं 2800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भ्यूंडी बुग्याल में भी आजादी का जश्न मनाया गया है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Sun, 15 Aug 2021 11:42 AM (IST) Updated:Sun, 15 Aug 2021 11:42 AM (IST)
उत्तरकाशी: गंगोत्री-यमुनोत्री में ध्वजारोहण, 2800 मीटर की ऊंचाई पर भी मना आजादी का जश्न
स्वतंत्रता दिवस: गंगोत्री-यमुनोत्री में ध्वजारोहण। दैनिक जागरण

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। Independence day 2021 उत्तरकाशी जिले में स्वतंत्रता दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। गंगोत्री और यमुनोत्री में तीर्थ पुरोहितों ने ध्वजारोहण किया। जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने ध्वजारोहण किया। साथ ही चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया। नेलांग बॉर्डर पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल और सेना ने ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही सीमा सड़क संगठन के जवानों नागणी, कमांद, सुक्की टॉप, भैरव घाटी और नेलांग में ध्वजारोहण किया।

करीब 2800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भ्यूंडी बुग्याल में आजादी का महापर्व मनाया गया। भ्यूंडी बुग्याल में छानियों में रहने वाले ग्रामीणों ने ध्वजारोहण किया। साथ ही जंगलों में गाये जाने वाले लोक गीतों भी पेश किए। पुलिस लाइन ज्ञानसू में स्वतंत्रता दिवस के अवसर ध्वजारोहण पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने किया। जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने जिला पंचायत कार्यालय में ध्वजारोहण किया।

कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमी प्रताप पोखरियाल भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, भाजपा जिला महामंत्री हरीश डंगवाल, विजयपाल मखलौगा आदि मौजूद थे। राम चंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी के स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्राचार्य प्रो. सविता गैरोला ने किया। महर्षि विद्या मंदिर ज्ञानसू में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।

वहीं, नौगांव रेंज की डामटा वन चौकी में रेंज अधिकारी साधु लाल ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तरकाशी की ओर से जनपद में 200 से अधिक स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तरकाशी खेल विभाग के मनेरा स्टेडियम में जिला क्रीड़ाधिकारी निधि बिंजोला ने ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही जनपद के कई विद्यालयों में आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें छात्रों व शिक्षकों ने पौधा रोपण कर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया।

यह भी पढें- स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, अतिथि शिक्षकों का वेतन बढ़ाने समेत की कई घोषणाएं

chat bot
आपका साथी