होटल व्यवसायियों ने फूंका सरकार का पुतला

चारधाम यात्रा में ई पास की बाध्यता समाप्त करने और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 05:28 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 05:28 PM (IST)
होटल व्यवसायियों ने फूंका सरकार का पुतला
होटल व्यवसायियों ने फूंका सरकार का पुतला

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा में ई पास की बाध्यता समाप्त करने और व्यवस्थाओं में सुधार लाने की मांग को लेकर होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय और बड़कोट में प्रदर्शन किया। साथ ही जुलूस निकाल कर सरकार और देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का पुतला दहन भी किया। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन पर चारधाम यात्रा पर आ रहे यात्रियों को नाजायज परेशान करने का आरोप लगाया।

उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में होटल एसोसिएशन गंगा घाटी के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा के नेतृत्व में भटवाड़ी रोड होते हुए जुलूस कलक्ट्रेट चौक पहुंचा, जहां होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुतला दहन किया। जिसके बाद कलक्ट्रेट और जिला पर्यटन अधिकारी कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में पंजीकरण की बाध्यता को तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। चारधाम यात्रा में सरकार और देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की अव्यवस्थाओं से यात्री व पर्यटन व्यवसायी खासा परेशान हैं। तीर्थ यात्रियों की संख्या सीमित रखे जाने के कारण यात्रियों को जूझना पड़ रहा है। एक ही पड़ाव पर कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियोंमें राजेंद्र पंवार, रविंद्र नेगी, आशीष कुड़ियाल, बिंदेश कुड़ियाल, धनपाल पंवार, प्रकाश भद्री, अजय पुरी, धीरज सेमवाल, शूरवीर चौहान, सुरेश राणा, विजय चौहान, प्रीतम गुम्बर, अरविद कुकरेती, विशेष जगूड़ी, प्रमोद राणा, लोकेश बधानी, टैक्सी यूनियन से दीनानाथ नौटियाल शामिल हुए। वहीं बड़कोट में भी होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य बाजार में जुलूस निकाला। साथ ही तहसील में पहुंच कर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर यमुना घाटी अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, राजाराम जगुड़ी, अनिल रावत, मनमोहन चौहान, भगवती रतूड़ी आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी