भूस्खलन से दिनभर बंद रहा गंगोत्री हाईवे

थिरांग के पास सोमवार की रात को भारी भूस्खलन हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 09:45 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 06:11 AM (IST)
भूस्खलन से दिनभर बंद रहा गंगोत्री हाईवे
भूस्खलन से दिनभर बंद रहा गंगोत्री हाईवे

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : थिरांग के पास सोमवार की रात को भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मंगलवार को गंगोत्री हाईवे पूरे दिन बंद रहा। यहां तक की भूस्खलन क्षेत्र में पैदल आवाजाही भी ठप रही। देर शाम तक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम हाईवे को खोलने में जुटी हुई है।

सोमवार की रात को जनपद के भटवाड़ी और यमुनोत्री क्षेत्र में मूसलधार बारिश हुई। बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी और डबराणी के बीच तीन स्थानों पर बंद हुआ। डबराणी और एक अन्य स्थान पर तो बीआरओ की टीम ने हाईवे को मंगलवार की दोपहर तक सुचारु किया। लेकिन, थिरांग के पास भारी भूस्खलन से हाईवे का कहीं पता नहीं चला रहा था। हाईवे पर 50 मीटर क्षेत्र में मलबे और बोल्डर का ढेर होने के कारण हाईवे को खोलने में बीआरओ को खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि हाईवे पर मलबा बहुत अधिक मात्रा में आया है। पूरा पहाड़ ही हाईवे पर धंसा हुआ है। हाईवे के दोनों ओर से बीआरओ की टीम युद्ध स्तर पर काम में जुटी हुई है।

chat bot
आपका साथी