चारों धाम की पहाड़ियों पर हिमपात, बढ़ी ठंड

जागरण टीम गढ़वाल रविवार को मौसम के बदले मिजाज के बाद चारों धाम की पहाड़ियों पर बर्फबारी हु

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 07:41 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 07:41 PM (IST)
चारों धाम की पहाड़ियों पर हिमपात, बढ़ी ठंड
चारों धाम की पहाड़ियों पर हिमपात, बढ़ी ठंड

जागरण टीम, गढ़वाल: रविवार को मौसम के बदले मिजाज के बाद चारों धाम की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हर्षिल की ऊंची पहाड़ियों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हुई, जिसके बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद जिला प्रशासनों से क्षेत्रवासियों से सुरक्षित व सतर्क रहने की अपील की है।

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में रविवार दोपहर से लेकर देर शाम तक हल्की बारिश जारी रही। वहीं ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। उत्तरकाशी जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, केदारनाथ धाम की चोटियों पर हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से मौसम काफी ठंडा हो गया है। केदारनाथ धाम की चोटियों पर तीन घंटे तक बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले स्थानों पर शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है।

चमोली जिले में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बूंदबांदी के बीच जिले के मौसम ठंडा हो गया। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित बदरीनाथ धाम, नीति घाटी और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर हल्की बर्फबारी भी हुई है। उधर, कर्णप्रयाग, गौचर, सिमली सहित पिडरघाटी के देवाल, थराली, नारायणबगड़ और ग्वालदम क्षेत्र में भी सर्द हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यात्रा न करने की हिदायत दी गई। वहीं देवाल के ऊंचाई वाले इलाकों, गैरसैंण व ग्वालदम में मौसम काफी ठंडा हो गया है।

तड़के से शुरू हुई बारिश से नई टिहरी में भी ठंड का अहसास होने लगा है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलने से लोग अधिकतर घरों में ही रह रहे हैं। उधर, मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों से श्रीनगर में ही रुकने का अनुरोध किया। श्रीनगर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि भारी बारिश की चेतावनी को लेकर शाम पांच बजे के बाद यात्रियों को आगे जाने से रोक दिया गया। केवल अति आवश्यक कार्य वालों को ही जाने दिया गया।

----

शारीरिक भर्ती परीक्षा स्थगित

गोपेश्वर: मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद पुलिस मैदान में चल रही होमगार्ड स्वयं सेवकों की शारीरिक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी गई है। होमगार्ड जिला कमांडेंट निर्मल जोशी ने बताया कि 18 अक्टूबर को सभी ब्लाकों के छूटे हुए अभ्यर्थी व 19 अक्टूबर को होने वाली मृतक आश्रित होमगार्ड व स्वयं सेवकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 21 अक्टूबर को तथा समस्त अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 22 अक्टूबर 2021 को आयोजित की जाएगी।

----

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों के जाने पर प्रतिबंध

नई टिहरी: भारी बारिश और अंधड़ के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला प्रशासन ने दो दिन भारी बारिश के अलर्ट के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ व पीआइबी को कोई भी मोटर मार्ग बाधित होने की दशा में उसे तत्काल खुलवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी राजस्व उप निरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों व ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में बने रहने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी