उत्‍तरकाशी: जंगल में पेड़ काट रहे पिता-पुत्रों ने वन कर्मियों को पीटा, जान बचाकर भागे कर्मी तो पीछे छोड़ दिए कुत्‍ते

गोविंद वन्यजीव विहार राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र के जंगल में पेड़ काट रहे पिता-पुत्रों ने गश्त कर रहे तीन वन कर्मियों की पिटाई कर दी। वन कर्मी जान बचाने के लिए भागे तो उन्होंने वन कर्मियों के पीछे कुत्ते छोड़ दिए। इस दौरान एक वनकर्मी घायल हो गया।

By Sumit KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 07:00 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 07:00 PM (IST)
उत्‍तरकाशी: जंगल में पेड़ काट रहे पिता-पुत्रों ने वन कर्मियों को पीटा, जान बचाकर भागे कर्मी तो पीछे छोड़ दिए कुत्‍ते
पुलिस ने पिता व उनके दोनों पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

संवाद सूत्र, पुरोला (उत्‍तरकाशी): गोविंद वन्यजीव विहार राष्ट्रीय पार्क क्षेत्र के जंगल में पेड़ काट रहे पिता-पुत्रों ने गश्त कर रहे तीन वन कर्मियों की पिटाई कर दी। वन कर्मी जान बचाने के लिए भागे तो उन्होंने वन कर्मियों के पीछे कुत्ते छोड़ दिए। इस दौरान एक वनकर्मी घायल हो गया। इस मामले में वन कर्मियों ने मोरी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पिता व उनके दोनों पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को मोरी पुलिस ने टीम रवाना कर दी है।

शनिवार की रात को सुपीन रेंज के सौड़ हल्टाड़ी क्षेत्र में वन दारोगा अरूण शेखर, अमन वर्मा व वन प्रहरी मेंबर सिंह गश्त कर रहे थे। रात करीब दस बजे हल्टाड़ी के पास बीट एक में उन्हें पेड़ काटने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो वहां मोरी दणकांण गांव निवासी एक व्यक्ति अपने दो बेटों के साथ वहां कैल के पेड़ को काट रहे थे। वन कर्मियों को आता देख पेड़ काट रहे तीनों व्यक्ति वन कर्मियों पर झपटे। वन कर्मी वहां से भाग निकले। इसके बाद उन्होंने वन कर्मियों के पीछे कुत्तों को छोड़ दिया। इसमें मेंबर सिंह घायल हो गया।

यह भी पढ़ें- रात में हंगामा कर रहे युवकों की गुंडागर्दी, पुलिसकर्मियों ने रोका तो कर दी पिटाई, फिर वर्दी भी फाड़ी

रविवार को वन कर्मियों ने मोरी थाने में तहरीर दी। रेंज अधिकारी ज्वाला प्रसाद गौड़ ने बताया कि दणकाण गांव निवासी ज्ञानसु लाल और उसके पुत्र जगदीश लाल, विजय लाल कैल का पेड़ काट रहे थे। तीनों आरोपितों ने वन कर्मियों पर हमला किया है। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। थानाध्यक्ष दीनदयाल रावत ने बताया कि वन कर्मियों पर हमला करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम भेज दी है। वहीं गोविंद वन्यजीव विहार के उपनिदेशक डीपी बलूनी ने कहा कि पार्क क्षेत्र में किसी भी ग्रामीण को यदि निजी मकान आदि के उपयोग के लिए लकड़ी की जरूरत होती है तो विभाग ग्रामीणों को गिरे व सूखे पड़े देता है, लेकिन इस तरह से चोरी करके पार्क क्षेत्र के जंगल से पेड़ काटने के मामले में कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- डोईवाला: घर पर सो रहा था पूरा परिवार, फिर भी खिड़की तोड़ अंदर घुस गए चोर, उड़ाए ले गए नगदी और जेवर

chat bot
आपका साथी