ईओ को हटाने की मांग को लेकर हड़ताल पर पर्यावरण मित्र

नगर पालिका परिषद बड़कोट की अधिशासी अधिकारी अमरजीत कौर के खिलाफ पालिका अध्यक्ष सभासद पर्यावरण मित्र और पालिका कर्मियों ने मोर्चा खोल दिया है। पालिका के कर्मचारी और पर्यावरण मित्र हड़ताल पर चले गए हैं जिससे सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 10:42 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 10:42 PM (IST)
ईओ को हटाने की मांग को लेकर हड़ताल पर पर्यावरण मित्र
ईओ को हटाने की मांग को लेकर हड़ताल पर पर्यावरण मित्र

संवाद सूत्र, बड़कोट, (उत्तरकाशी): नगर पालिका परिषद बड़कोट की अधिशासी अधिकारी अमरजीत कौर के खिलाफ पालिका अध्यक्ष, सभासद, पर्यावरण मित्र और पालिका कर्मियों ने मोर्चा खोल दिया है। पालिका के कर्मचारी और पर्यावरण मित्र हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। पालिकाध्यक्ष से लेकर पर्यावरण मित्रों ने ईओ पर मनमाने ढंग से कार्य करने और पालिका कर्मचारियों के प्रति हठधर्मिता का आरोप लगाया है। इन कर्मियों ने मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर तत्काल ईओ को हटाने की मांग की है। वहीं ईओ अमरजीत कौर ने कर्मचारियों, पालिकाध्यक्ष, सभासदों की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।

नगर पालिका बड़कोट पिछले कुछ दिनों में चर्चा में है। ईओ की ओर से सरकारी वाहन का दुरुपयोग करने का मामला भी प्रकाश में आया है। खाले में मलबा डालकर खेल मैदान बनाने, बिना अनुमति पेड़ गिराने को लेकर भी पालिका विवाद में रही। लेकिन, इस बार विवाद ईओ अमरजीत कौर को लेकर शुरू हुआ है। करीब ढाई साल से पालिकाध्यक्ष अनुपमा रावत और ईओ अमरजीत कौर के बीच चल रहा गतिरोध अब खुलकर सामने आ गया है। पर्यावरण मित्रों ने भी ईओ के रवैये को लेकर सवाल उठाए हैं और बृहस्पतिवार से हड़ताल पर चले गए हैं। ईओ के स्थानांतरण तक पर्यावरण मित्रों और पालिका के कर्मियों ने हड़ताल पर रहने का एलान किया है। पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत ने कहा कि ईओ पिछले छह वर्षों से बड़कोट में है। ईओ के मनमाने रवैये के कारण ईओ को हटाने के लिए ढाई वर्षों से उच्च अधिकारियों को पत्र लिख रही हूं। बीती बुधवार को ईओ ने बजट न होने का हवाला देते हुए दस पर्यावरण मित्रों को काम पर न आने के लिए कहा था। पालिका के पास केवल 24 पर्यावरण मित्र हैं, जिसमें दो सफाई नायक हैं। सात वार्डों में दस किलोमीटर वर्ग का क्षेत्र है। अगर दस कर्मी हट गए तो नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा जाएगी। इस पर उन्होंने ईओ से कहा कि जो दस लाख का बजट गढ़वाल आयुक्त की ओर से यात्रा व्यवस्था के लिए दिया गया है। उससे सफाई कर्मचारियों की वेतन दिया जाएगा। लेकिन, ईओ मानने को तैयार नहीं हुई, जबकि शासन से कर्मियों को हटाने का कोई आदेश नहीं है। ईओ को हटाने के लिए धरना देने वालों में विपिन रावत, सभासद परिता रावत, जयमाला चौहान, हरदेव रावत, त्रेपन असवाल, संजय अग्रवाल, धर्मेंद्र कुमार आकाश, रंजीत कुमार, संजय बाला, मुकेश, संजीव, अशोक, मनोज, अर्जुन सिंह, ममलेश, सुंदरलाल, प्यार दास, संजय रावत आदि शामिल थे।

--------------

पालिका अध्यक्ष और अन्य व्यक्तियों की ओर से अनावश्यक कार्यों को लेकर दबाव बनाया जाता रहा है। उन्होंने अनुचित कार्य नहीं किए। इसी वजह से सभी नाराज हैं। बिना पूर्व सूचना के हड़ताल पर जाना अनुचित है, न तो किसी कर्मचारी को हटाया गया है और न हटाने की बात कही गई है। सभी आरोप बेबुनियाद हैं।

अमरजीत कौर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बड़कोट

chat bot
आपका साथी