बर्फबारी के बीच निरंतर चल रही है साधना

मंगलवार की रात और बुधवार की दोपहर तक गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई जबकि जिला मुख्यालय व तहसील मुख्यालयों में बारिश हुई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Jan 2021 09:50 PM (IST) Updated:Wed, 06 Jan 2021 09:50 PM (IST)
बर्फबारी के बीच निरंतर चल रही है साधना
बर्फबारी के बीच निरंतर चल रही है साधना

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : मंगलवार की रात और बुधवार की दोपहर तक गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जबकि जिला मुख्यालय व तहसील मुख्यालयों में बारिश हुई। यमुनोत्री धाम पूरी तरह से बर्फ की सफेद चादर से ढक चुका है। लेकिन, वहां मौजूद हनुमान मंदिर के साधु भरत दास अपनी साधना और पूजा में जुटे हैं। जबकि गरुड़ गंगा सहित यमुना नदी में पानी भी बर्फ बन चुका है। यमुनोत्री धाम का अधिकतम तापमान भी माइनस आठ डिग्री सेल्सियस है। ऐसे में जिधर नजर दौड़ाएं वहां बर्फ ही बर्फ दिख रही है। पिछले दो दिनों से यमुनोत्री धाम में बर्फबारी जारी है। लेकिन, यमुनोत्री में तैनात सुरक्षा कर्मी अपनी सेवाएं निरंतर दे रहे हैं। जबकि हनुमान मंदिर के साधु भरत दास नियमित रूप से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बर्फबारी के बीच भी उन्होंने यमुना की आराधना करनी नहीं छोड़ी है। यमुनोत्री धाम में नियमित सुबह और शाम यमुना की आरती होती है। इस दौरान घंटी, शंख की आवाज सन्नाटे को तोड़ती है।

वहीं गंगोत्री धाम और शीतकालीन पड़ाव मुखवा में भी नियमित रूप से पूजा-अर्चना और आरती चल रही है। गंगोत्री धाम में 40 से अधिक साधू साधनारत हैं। 43 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप

उत्तरकाशी : बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तरकाशी जनपद के 43 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बुधवार शाम तक बारिश और बर्फबारी होने के कारण विद्युत लाइनों को सुचारू करने का कार्य नहीं हो सका। भले ही बिजली आपूर्ति को सुचारू करने के लिए ऊर्जा निगम की 24 सदस्यों की टीम जुटी है।

जनपद में सोमवार की शाम को बारिश और बर्फबारी शुरू हो चुकी थी, जो मंगलवार पूरे दिन और बुधवार शाम तक जारी रही। मंगलवार को हुई बारिश और बर्फबारी के कारण जनपद की असी गंगा घाटी के छह गांवों में बिजली गुल हुई। जबकि डुंडा ब्लाक के ब्रह्मखाल क्षेत्र के चार, धौंतरी क्षेत्र के आठ गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बड़कोट तहसील के राजगढ़ी-सरनौल सहित 20 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हुई। जबकि मोरी ब्लाक के दोड़ी क्षेत्र के पांच गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हुई है।

chat bot
आपका साथी