मनेरा बाईपास पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल-बची कार चालक की जान

मनेरा बाइपास मार्ग पर बने भूस्खलन जोन में जिसका डर था आखिर वही हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 10:24 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 10:24 PM (IST)
मनेरा बाईपास पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल-बची कार चालक की जान
मनेरा बाईपास पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल-बची कार चालक की जान

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : मनेरा बाइपास मार्ग पर बने भूस्खलन जोन में जिसका डर था, आखिर वही हुआ। बुधवार की शाम को लदाड़ी से मनेरा की ओर जा रही एक्सयूवी कार के ऊपर पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरा। कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि कार में सवार चालक घायल हो गया। हैरानी की बात ये है कि इसके बाद भी प्रशासन ने मनेरा बाइपास मार्ग पर वाहनों के आवागमन पर रोक नहीं लगाई है।

मनेरा बाइपास मार्ग पर पिछले 11 दिनों से लगातार भूस्खलन हो रहा है। चार दिन पहले बोल्डरों की गड़गड़ाहट से ज्ञानसू, मनेरा और कंसेण के ग्रामीण सो नहीं पाए। लगातार भूस्खलन का खतरा बने होने के बाद भी इस मार्ग पर यातायात संचालित हो रहा है। इस भूस्खलन जोन में सोमवार की शाम को एक बाइक सवार की जान बाल-बाल बची थी। 'दैनिक जागरण' की ओर से प्रशासन को आगाह करने के बाद यातायात को नहीं रोका गया है। बुधवार की शाम को भूस्खलन होने से पत्थर गिरने शुरू हुए। इसी दौरान भूस्खलन जोन पार करने के लिए मुख्य बाजार निवासी नागेंद्र पंवार ने अपनी एक्सयूवी कार आगे बढ़ाई। इसी दौरान पहाड़ी से भारी बोल्डर कार के पिछले हिस्से से टकराया। कार चला रहे नागेंद्र पंवार की जान भी बाल-बाल बची। इस दौरान भूस्खलन जोन के दोनों ओर खड़े वाहन चालक व वाहनों में बैठे व्यक्ति जान बचाने के लिए भाग निकले। साथ ही कुछ व्यक्तियों ने क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर से घायल को निकाला। पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन माधव जोशी ने प्रशासन से अपील की है कि पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे मनेरा बाईपास मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ। इसलिए इस मार्ग पर तत्काल वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा देनी चाहिए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि मनेरा पास मार्ग पर भूस्खलन को हटाने के लिए एक जेसीबी तैनात है। गंगोत्री राजमार्ग पर यातायात सुचारू हो गया है। इसलिए आमजन से अपील है कि गंगोत्री राजमार्ग से ही आवाजाही करें।

----------

वाहन के ऊपर गिरा बोल्डर

बड़कोट : मंगलवार को यमुनोत्री राजमार्ग पर कुथनौर के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर एक छोटे वाहन के ऊपर गिरा। वाहन में सवार चालक सहित तीन व्यक्तियों की जान बाल-बाल बची। तीनों को हल्की चोट आई हैं। इनमें चालक अरुण, अमन राणा, महेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट में उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना में इनका वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

chat bot
आपका साथी