ऑटोमेटिक सेनिटाइज हो जाएंगे वाहन

कोरोना के कारण इस वक्त सेनिटेशन पर पूरे देश का ध्यान है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Apr 2020 07:06 AM (IST) Updated:Thu, 09 Apr 2020 07:06 AM (IST)
ऑटोमेटिक सेनिटाइज हो जाएंगे वाहन
ऑटोमेटिक सेनिटाइज हो जाएंगे वाहन

मनीस पांडेय, रुद्रपुर :

कोरोना के कारण इस वक्त सेनिटेशन पर पूरे देश का ध्यान है। ऐसे में ऊधमसिंह नगर जिले के एक मैकेनिकल इंजीनियर ने ऑटोमेटिक सेनिटेशन मॉडल तैयार किया है। इस मशीन को किसी भी परिसर के गेट पर लगाया जा सकेगा। परिसर में जैसे ही वाहन प्रवेश करेगा वह स्वत: सेनिटाइज हो जाएगा। एक व्यक्ति नहाने के बाद जितना साफ हो जाता है, लगभग उतना ही साफ इससे होगा। वह भी बिना भिगोए। यह संभव हुआ है व्यवसायी मनोज जायसवाल के प्रयास से।

वर्ष 1996 में मुंबई यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिग करने वाले मनोज की सिडकुल में ई-रिक्शा प्रोडक्शन कंपनी है। लॉकडाउन में कई कंपनियां बंद हैं। ओमेक्स कॉलोनी रुद्रपुर निवासी मनोज को घर पर बैठे आइडिया आया कि किसी परिसर में प्रवेश से पहले ही क्यों न सेनिटाइज कर दिया जाए। इसके बाद अपने कुछ कर्मचारियों के साथ उन्होंने यह मॉडल तैयार किया, जिसे मूर्त रूप देने के लिए वह जिला प्रशासन से अनुमति मांग रहे हैं। इस संयंत्र को कोरोना के खिलाफ औजार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

-------------

50 हजार से ढाई लाख की लागत

सेनिटाइजिग संयंत्र की शुरुआती कीमत 50 हजार से लेकर ढाई लाख रुपये तक हो सकती है। मनोज ने बताया कि इस संयंत्र को किसी भी कंपनी, परिसर, हाउसिग सोसायटी, वेयर हाउस के गेट पर लगाया जा सकेगा जो कि खुद अपने आप में एक गेट ही है। सेंसर चालित इस संयंत्र में किसी वाहन या व्यक्ति के आने के बाद रेड लाइट जल जाएगी। 10 सेकेंड में सेनिटेशन के बाद ग्रीन लाइट जलेगी और वाहन या व्यक्ति आगे बढ़ जाएगा। सेंसर व कंप्रेसर से युक्त इस गेट में छोटे स्तर पर करीब 50 हजार व बड़े वाहनों के लिए करीब ढाई लाख तक का खर्च आएगा।

...........

सोडियम हाइपोक्लोराइड का प्रयोग

कोविड-19 सेनिटाइजिग संयंत्र में सोडियम हाइपोक्लोराइड का प्रयोग किया जा रहा है। इसका चीन में भी बड़े स्तर पर प्रयोग किया गया। कंप्रेसर केमिकल को पानी के साथ बहुत छोटे कणों में स्प्रे करेगा, जिससे हल्की नमी का अहसास होगा। इसी तरह गैस फार्म में भी फॉगिग पर विचार किया जा रहा है।

..........

वर्जन

सेनिटाइजिग संयंत्र का निर्माण कोविड-19 से लड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके लिए सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक से बात की गई है। जिला प्रशासन के सहयोग से इसे बड़े स्तर पर तैयार किया जाएगा।

-मनोज जायसवाल, सिडकुल, रुद्रपुर

chat bot
आपका साथी