आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से हो निस्तारण

विधायक प्रेम सिंह राणा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाए और फरियादियों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर नहीं कटवाए जाएं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 11:45 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 11:45 PM (IST)
आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से हो निस्तारण
आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से हो निस्तारण

संवाद सहयोगी, खटीमा : आमजन की समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाए और फरियादियों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर नहीं कटवाए जाएं। इसी वजह से गांव-गांव बहुद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं। यह बात नानकमत्ता विधायक डा. प्रेम सिंह राणा ने सैजना स्थित शिविर में कही।

प्रशासन की ओर से सोमवार को सैजना स्कूल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान शिविर में सीसी रोड, जलभराव, नाली निर्माण, विद्युत पोल, बिजली बिल, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय समेत विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठी। शिविर में आठ बीपीएल एवं परिवार रजिस्टर की नकल जारी की गई। इसके अलावा खुली बैठक में विकास कार्यो के प्रस्ताव पारित किए गए।

शिविर में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विधायक डा. प्रेम सिंह राणा ने शिविर में उठी समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी समयबद्घ तरीके से इनका निस्तारण कर दें। शिविर का संचालन खंड विकास अधिकारी एनसी उपाध्याय ने किया। इस मौके पर बीईओ सोनी मेहरा, एसडीओ अनुज त्रिपाठी, हयात सिंह बुंगला, प्रेम सिंह डसीला, तनुज धामी, प्रमोद पांडे, निर्मला देवी, सोनी गिहार मौजूद थे।

इधर कंजाबाग रोड अमर कालोनी के लोगों ने 200 किलोवाट का विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। इस आशय का उन्होंने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा है। अमर कालोनी के लोग सोमवार को प्रेम सिंह पोखरिया की अगुवाई में विद्युत उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन कर एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने कहा कि उनके यहां वर्तमान में 100 केवी क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुआ है जबकि इस ट्रांसफार्मर से बड़ी संख्या में उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। जिस वजह से लोड अत्यधिक हो गया है। जिस कारण ट्रांसफार्मर से आए दिन चिंगारी, धुआं व ऑयल निकलता रहता है। जिसके कभी भी फुंकने की आंशका बनी हुई है। इसके अलावा गांव में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गांव में 200 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। इस मौके पर प्रेम सिंह पोखरिया, पंकज सिंह ठकुराठी, महेशचंद्र, लाल चंद, मानी चंद, सूरज गोस्वामी, देव सिंह रावत, दान सिंह रौतेला आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी