बाजपुर के किसान आज गाजीपुर बार्डर पर फहराएंगे तिरंगा

बाजपुर के किसान कृषि कानून के विरोध में किसान दिल्ली बार्डर पर आंदोलित है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 12:13 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 12:13 AM (IST)
बाजपुर के किसान आज गाजीपुर बार्डर पर फहराएंगे तिरंगा
बाजपुर के किसान आज गाजीपुर बार्डर पर फहराएंगे तिरंगा

संस, बाजपुर : कृषि कानून के विरोध में किसान दिल्ली बार्डर पर आंदोलित है। जहां उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से तीस हजार से अधिक ट्रैक्टर ट्राली से किसान पहुंचे हैं। जहां गणतंत्र दिवस पर मंगलवार को परेड में शामिल होकर गाजीपुर बार्डर पर तिरंगा फहराएंगे। वहीं सोमवार रात आठ बजे बार्डर पर महिलाओं ने मोदी सरकार को जगाने के लिए जागो यात्रा निकाली।

सोमवार को गाजीपुर बार्डर पर पंहुचे बाबा प्रताप सिंह, बाबा अनूप सिंह ने कहा कि यह आंदोलन स्वयं सरकार की देन है सरकार समस्या का समाधान करे तो किसान स्वयं पीछे हट जाएंगे। वहीं, जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि किसान दो माह से शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह नौ बजे आंदोलन मंच के सामने तिरंगा फहराया जाएगा, जिसमें महिलाएं भी शामिल होंगी। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुलविंदर सिंह किंदा, बल्देव सिंह नामधारी, अजीत प्रताप सिंह, रंधावा, विक्रम सिंह गिल, बलकार सिंह, सोनू गिल, परमजीत सिंह गोराया, राज किशोर समेत सैकड़ों किसान बार्डर पर मौजूद है।

-------------

महिलाएं करेंगी ट्रैक्टर रैली की अगुवाई

संसू, गदरपुर : गाजीपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रैक्टर रैली की अगुवाई उत्तराखंड की महिलाएं करेंगी। कांग्रेस नेता शिल्पी अरोरा ने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई के लिए धरने पर बैठे हैं तो महिलाएं घर में बैठने की बजाए रैली में उनका साथ देंगी। सोमवार को उत्तराखंड से प्रदेश कांग्रेस नेत्री शिल्पी अरोरा गाजीपुर बार्डर पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने मंगलवार को दिल्ली में निकलने वाली ट्रैक्टर रैली को लेकर महिलाओं के साथ बैठक की। बताया कि गाजीपुर बार्डर से किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। इसकी अगुवाई महिलाएं करेंगी। वहीं उत्तराखंड के साथ-साथ देश के हर राज्यों से हजारों की संख्या में महिलाएं इस ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए पहुंच रही हैं। इस दौरान शिल्पी अरोरा ने दिल्ली पहुंची महिलाओं का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर खेमपुर जिला पंचायत सदस्य सुमन सिंह, सुमन बाजबा, हरजीत कौर संदीप कौर, रमन, रामप्यारी व सुमन शामिल थीं।

chat bot
आपका साथी