नाबालिग की शादी कराने वाला आरोपित पिता गिरफ्तार

कुंडा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की की शादी कराने वाले आरोपित पिता को सोमवार रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 05:30 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 05:30 PM (IST)
नाबालिग की शादी कराने वाला आरोपित पिता गिरफ्तार
नाबालिग की शादी कराने वाला आरोपित पिता गिरफ्तार

जासं, काशीपुर : कुंडा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की की शादी कराने वाले आरोपित पिता को सोमवार रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।

25 जून को कुंडा थाना क्षेत्र के गांव करनपुर में छापा मारकर पुलिस ने एक किशोरी की शादी रुकवाई थी। उस दौरान किशोरी का पिता मौके से फरार हो गया था। कुंडा थाने एसआइ सुप्रिया नेगी को 25 जून को सूचना मिली कि ग्राम करनपुर में बाल विवाह कराया जा रहा है। सूचना पर एसआइ सुप्रिया नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची तो वहां विवाह की रस्में चल रहीं थी। पुलिस को देख विवाह समारोह में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वहां मौजूद लड़की की मां सरोज से दुल्हन की उम्र के दस्तावेज मांगे तो लड़की की उम्र हाईस्कूल मार्कशीट के अनुसार 15 वर्ष 5 माह 22 दिन होना तस्दीक हुई। इस पर पुलिस ने लड़की की मां सरोज समेत ग्राम ढकिया गुलाबो से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे मनोज, उसके पिता हीरालाल व लड़के के मामा लेखराज पुत्र लाल सिंह को हिरासत में ले लिया। इस दौरान लड़की का पिता फूल सिंह व शादी कराने आया पंडित मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ बाल विवाह अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद आरोपितों की तलाश की जा रही थी।

सोमवार रात गढ़ीनेगी चौकी इंचार्ज महेश चंद्र आरोपित फूल सिंह के गांव करनपुर पहुंचे। आरोपित घर में मौजूद मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को कोर्ट के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है। केस में शादी कराने वाले पंडित को भी आरोपित बनाया गया है। पंडित की तलाश जारी है।

chat bot
आपका साथी