सरकार की नीतियों को जन जन तक पहुंचाएं
रुद्रपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक में कोरोना काल में कार्यकर्ताओं के जरूरतमंदों की सेवा के लिए किए गए कार्यो की सराहना की।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक में कोरोना काल में कार्यकर्ताओं के जरूरतमंदों की सेवा के लिए किए गए कार्यो की सराहना की। कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल में दलगत भावना से उठकर मानवता की सेवा के लिए जो योगदान दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की नीतियां जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने देहरादून से शनिवार को राज्य के सभी जिलों के कार्यकर्ताओं की वर्चुअल बैठक ली। यूएस नगर के भाजपा जिला कार्यालय रुद्रपुर में वर्चुअल बैठक की शुरुआत पर्यटन मंत्री व जिला प्रभारी सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री अरविद पांडे और जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन को सुना। पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने पर बल दिया गया। कौशिक ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार के खिलाफ कांग्रेस दुष्प्रचार पर उतर आई है। इससे दुनिया के अन्य देशों में भी भारत की साख गिर रही है। 21 जून से वैक्सीनेशन का और विस्तार होने जा रहा है। सरकार गांव गांव और घर घर तक वैक्सीनेशन पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। पयर्टन मंत्री ने पदाधिकारियों के साथ संगठन की मजबूती व भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान कोरोना संक्रमण से दिवंगत हुए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में पूर्व सांसद बलराज पासी, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, ललित मिगलानी, विवेक सक्सेना, हिमांशु आदि ने हिस्सा लिया।