खटीमा में सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म

खटीमा के नगर पालिका सफाई कर्मियों एवं पालिका प्रशासन के बीच छह बिंदुओं पर बनी सहमति। हड़ताल खत्म।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 12:22 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 12:22 AM (IST)
खटीमा में सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म
खटीमा में सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म

संस, खटीमा : नगर पालिका सफाई कर्मियों एवं पालिका प्रशासन के बीच बनी छह बिंदुओं पर समझौता हो गया है। जिसके बाद आठ दिन से चल रही हड़ताल खत्म हो गई है। इससे पहले पालिका बोर्ड बैठक में सभी कर्मियों का तीन माह का भुगतान राज्य वित्त से किए जाने का प्रस्ताव पास किया गया।

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुडे़ सफाई कर्मी वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से कामबंद हड़ताल पर थे। सफाई कर्मियों की हड़ताल को लेकर पालिकाध्यक्ष सोनी राणा व अधिशासी अधिकारी सरोज गौतम ने शनिवार को सभागार में पालिका बोर्ड की आपात बैठक बुलाई थी, जिसमें सफाई कर्मियों की वेतन समेत विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभासद विश्वनाथ यादव ने सभी कर्मियों का वेतन राज्य वित्त से करने का प्रस्ताव रखा। जिसे बोर्ड ने मंजूर कर लिया। बाद में कर्मियों व पालिका प्रशासन के बीच हुए समझौते में नियमित, समिति व आउट सोर्सिग कर्मियों को तीन माह का वेतन 27 जनवरी को करने, मृतक आश्रितों की पत्रावली का अध्ययन कर कार्रवाई करने, वर्दी उपलब्ध कराने, नियमित कर्मियों को स्थाई हेतु पत्रावली का अवलोकन करने, कार्यालय में कार्यरत कर्मियों को आउट सोर्सिग का अवशेष भुगतान करने, 166 कर्मियों के वेतन के संबंध में शासन के निर्देश पर कार्रवाई करने पर सहमति बनी। साथ ही तय हुआ कि आंदोलन की अवधि के दौरान सभी कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने के साथ उनके विरुद्घ दंडनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक गोपाल सिंह राणा, अरुण सक्सेना, संतोष गौरव, सुभाष कुमार के अलावा सभासद जेपी सिंह, विश्वनाथ यादव, महेश राणा, गोकुल ओली, ललिता कन्याल, पावस गुप्ता,असलम अंसारी, विक्रम सिंह, नफीस अहमद, अकबर हुसैन, विमला बिष्ट, रेनू भंडारी, नीरज रस्तोगी, खीमा देवी, सरिता राणा, मुकेश कुमार, रागिनी मेहता आदि मौजूद थे। इसके बाद सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गौरव ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। साथ ही पालिकाध्यक्ष व ईओ का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया।

chat bot
आपका साथी