बारिश ने गर्मी से दी राहत, खेतों को मिली संजीवनी

रुद्रपुर में मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक बैठा। शनिवार सुबह हवा और काले बादलों के बीच जिले भर में कहीं मध्यम तो कहीं झमाझम बारिश हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 07:10 PM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 07:10 PM (IST)
बारिश ने गर्मी से दी राहत, खेतों को मिली संजीवनी
बारिश ने गर्मी से दी राहत, खेतों को मिली संजीवनी

जागरण संवादददाता, रुद्रपुर : मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक बैठा। शनिवार सुबह हवा और काले बादलों के बीच जिले भर में कहीं मध्यम तो कहीं झमाझम बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। धान की रोपाई का सीजन होने के कारण यह बारिश किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।

प्री मानसून आने में अभी वक्त है। कुछ दिन से लगातार गर्मी और उमस से तराई में लोग बेहाल थे। तापमान 38 डिग्री तक पहुंच चुका था, लेकिन पिछले चार दिनों से मौसम ने करवट लिया है। शनिवार की सुबह से ही हल्की बारिश और दिन भर ठंडी हवाओं ने गर्मी छू मंतर कर दिया है। मौसम विज्ञानियों ने नौ को 10 से 12 जून तक मध्यम वर्षा का अनुमान लगाया था। हवा के चलते कहीं-कहीं वर्षा तेज हुई। शनिवार की सुबह 3.7 एमएम वर्षा हुई। जबकि पर्वतीय क्षेत्र में घंटों बारिश ह़ुई है। मुख्य कृषि अधिकारी डा. अभय सक्सेना ने बताया कि यह बारिश किसी फसल के लिए नुकसानदायक नहीं है, बल्कि धान के लिए बेहतर रहेगा। वहीं जिला उद्यान अधिकारी एचसी तिवारी ने बताया कि बारिश लगातार नहीं हुई है। सब्जियों, फल लीची, आम सभी के लिए ठीक है। बारिश के बाद मौसम खुल गया है। पंत विवि के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि दक्षिण पूर्वी दिशा से हवा की गति 2.6 किमी प्रति घंटे की रही। इसके चलते रविवार को तराई में 35 एमएम वर्षा की संभावना है।

---------------

धान की रोपाई के लिए फायदेमंद

जासं, सितारगंज/काशीपुर : बारिश से कई जगह जल भराव हो गया। इससे गली मोहल्लों व घरों में गंदा पानी घुस गया। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसान रमेश, जगपाल कुमार, संदीप बिष्ट, शानू ने बताया कि बारिश से धान की पौध को रोपने में काफी राहत मिली है। वहीं काशीपुर में बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

chat bot
आपका साथी