ऊर्जा निगम कर्मियों की हड़ताल से विद्युत आपूर्ति लड़खड़ाई

14 सूत्रीय मांगों को लेकर ऊर्जा निगम कर्मियों की हड़ताल से ऊधमसिंह नगर जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पहले दिन ही लड़खड़ा गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 08:18 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 08:18 PM (IST)
ऊर्जा निगम कर्मियों की हड़ताल से विद्युत आपूर्ति लड़खड़ाई
ऊर्जा निगम कर्मियों की हड़ताल से विद्युत आपूर्ति लड़खड़ाई

जागरण टीम, रुद्रपुर/बाजपुर : 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ऊर्जा निगम कर्मियों की हड़ताल से जिलेभर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पहले ही दिन लड़खड़ा गई। जिला मुख्यालय में हड़ताली ऊर्जा निगम कर्मियों ने एसई कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान शहर के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली लेकिन हड़ताल के चलते कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। मटकोटा सब स्टेशन से लगे आवास विकास में अपराह्न दो बजकर 45 मिनट पर फाल्ट की सूचना मिली। यहां पर आपूर्ति ठप हो गई थी लेकिन हड़ताल के चलते कोई फील्ड स्टाफ नहीं पहुंचा। जेई व एसडीओ के फोन स्विच आफ थे। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी हुई।

इधर हड़ताली कर्मियों ने कहा कि चार साल पहले समान कार्य व समान वेतन सहित सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों को लागू करने और नियमितीकरण की मांग पर समझौता हुआ था। सरकार द्वारा अभी तक समझौते का पालन नहीं करने से ऊर्जा निगम कर्मियों को हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। मांगों के समर्थन में हड़ताल के बीच एसई कार्यालय पर धरने में ऊर्जा निगम के जेई व एसडीओ भी शामिल हुए। जेई कुलदीप राठी ने कहा कि मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। सभी मांगें पुरानी हैं और इनको लेकर सहमति के बीच समझौता हो चुका है, बस अब सरकार की बारी है कि वह समझौते को लागू करे। धरना देने वालों में एमएन उप्रेती, प्रवीण सैनी, जेई कुलदीप राठी, वाइसी जोशी, बीसी गुरुरानी सहित सब स्टेशन के कर्मचारी शामिल थे। एसई नवीन मिश्रा ने बताया कि सभी सब स्टेशनों पर तकनीकी स्टाफ भी हड़ताल पर है।

बाजपुर : ऊर्जा निगम कर्मियों की हड़ताल असर मंगलवार को बाजपुर में भी देखने को मिला। हड़ताली कर्मचारी अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले यहां कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित उपकेंद्र पर गोविद सिंह की अगुवाई में धरने पर बैठ गए। इस मौके पर योगेश कुमार अवर अभियंता, विनोद कुमार, हेम कुमार, कपिल आहूजा, सुरेश कुमार, राधाकांत मिश्रा, अजय कुमार, रमेश जोशी, धर्म सिंह, पीएस कोरंगा आदि मौजूद थे। इधर विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से लोग परेशान रहे। इस दौरान ऊर्जा निगम के पूछताछ कार्यालय का मोबाइल भी नहीं लगा। कुछ लोगों ने लाइट नहीं आने पर फोन किया तो हड़ताल पर होने से कर्मियों ने असमर्थता जताई। बिजली की शिकायत को लेकर इस बीच कुछ लोग विद्युत उपकेंद्रों में गए तो वहां दरवाजे बंद मिले।

chat bot
आपका साथी