कोरोना संक्रमित को कैंप पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप निवासी एक युवक दिनभर अपने भाई को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए भटकता रहा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 05:21 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 05:21 PM (IST)
कोरोना संक्रमित को कैंप पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
कोरोना संक्रमित को कैंप पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

जासं, रुद्रपुर : ट्रांजिट कैंप निवासी एक युवक दिनभर अपने भाई को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए भटकता रहा। इसकी जानकारी होने पर थानाध्यक्ष के प्रयास पर उसे जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कर दिया गया।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस महकमे ने मिशन हौसला शुरू किया है। इसके तहत पुलिस प्राथमिकता के आधार पर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचा रही है। सोमवार को ट्रांजिट कैंप के कौशल्या इनक्लेव निवासी एक युवक की हालत बिगड़ गई। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। यह देख उसका भाई उसे लेकर शहर के कई अस्पताल गया लेकिन बेड नहीं मिला। इससे परेशान होकर उसने थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप विनोद फत्र्याल को कॉल किया और मामले से अवगत कराया। इसके बाद थानाध्यक्ष विनोद फत्र्याल पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और मरीज को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां मरीज को कोविड वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। मिशन हौसला से लोगों के करीब पहुंच रही पुलिस

जासं, रुद्रपुर : कोरोना काल में पुलिस लोगों की मददगार बनकर सामने आई है। मिशन हौसला के तहत सीओ सिटी अमित कुमार ने चार लोगों की मदद कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।

कोरोना पीड़ित महिला ने सीओ सिटी अमित कुमार को सूचना दी कि उनकी हालत खराब है। उन्हें अस्पताल में बेड की आवश्यकता है। इस पर सीओ ने उनकी मदद कर बेड मुहैया कराया। इसके अलावा खटीमा निवासी एक कांस्टेबल देहरादून में तैनात है। उसने फोन से बताया कि उसके पिताजी की तबीयत खराब है और आक्सीजन लेवल कम हो गया है। सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उन्हें रुद्रपुर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। एलआइयू रुद्रपुर में तैनात कांस्टेबल के भाई की हालत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही रुद्रपुर में तैनात एसआइ कोविड पॉजिटिव आने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस लाइन में रहने वाली कांस्टेबल की गर्भवती पत्नी को भी कोरोना पॉजिटिव मिलने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

chat bot
आपका साथी