जिला स्तर के काम सचिवालय पहुंचे तो सीएम लेंगे एक्शन
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता की समस्याओं को आसानी से निस्तारित कर
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता की समस्याओं को आसानी से निस्तारित करने के लिए तीन गुरुमंत्र अफसरों को दिए। उन्होंने सरलीकरण, समाधान और निस्तारण पर जोर दिया। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार टिहरी पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के सभी कार्यो का सरलीकरण करे। अगर जिला स्तर का कोई भी काम किसी अधिकारी की लापरवाही से सचिवालय पहुंचता है तो वह स्वयं इसका संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री ने इस दौरान एक अरब 64 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
शनिवार को नई टिहरी के सरस्वती विद्या मंदिर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार का फोकस आम आदमी की सुविधा और हित पर है। कहा कि नो पेंडेंसी पर उनकी सरकार का फोकस है और सभी लंबित शिकायतें जल्द से जल्द निपटाई जाएं। उनकी सरकार ने आते ही 22 हजार पदों पर भर्तियों का फैसला किया और तीन महीने में 12 हजार, जबकि छह महीने में 22 हजारों पदों पर भर्ती की जाएगी। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में बनने वाले पुल और सड़कों के प्रस्तावित कार्यो के टेंडर भी तीन माह में करा दिए जाएंगे। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, विधायक धन सिंह नेगी, प्रीतम पंवार, विजय सिंह पंवार, शक्ति लाल शाह, विनोद कंडारी, जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष संजय नेगी, पूर्व प्रमुख बेबी असवाल, सुनीता देवी, खेम सिंह चौहान, विजय कठैत, भूपेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।
---------------
चारधाम यात्रा शुरू करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू कराने पर सरकार का विशेष जोर है। अब जब कोरोना संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं। ऐसे में अब फिर से यात्रा शुरू कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है।