आज धाम को रवाना होगी भगवान मध्यमेश्वर की डोली

संवाद सूत्र, ऊखीमठ: पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मध्यमेश्वर की डोली शनिवार को मध्यमेश्वर

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 May 2021 11:02 PM (IST) Updated:Fri, 21 May 2021 11:02 PM (IST)
आज धाम को रवाना होगी भगवान मध्यमेश्वर की डोली
आज धाम को रवाना होगी भगवान मध्यमेश्वर की डोली

संवाद सूत्र, ऊखीमठ: पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मध्यमेश्वर की डोली शनिवार को मध्यमेश्वर धाम के लिए रवाना होगी। इसके बाद 24 मई को सादगी के साथ द्वितीय केदार के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे। वहीं पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोरोना काल को देखते हुए डोली को वाहन से ले जाने का निर्णय लिया गया।

बीती गुरुवार को द्वितीय केदार की उत्सव डोली को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के सभामंडप में विराजमान किया गया था। शुकवार को पुजारी ने भगवान मध्यमेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद भोग लगाया। दो दिन सभा मंडप में विराजमान रहने के बाद शनिवार को भगवान की उत्सव डोली धाम को रवाना होगी। शुक्रवार को स्थानीय हक-हकूकधारियों के साथ बैठक में प्रशासन ने डोली को वाहन से ले जाने का निर्णय लिया। ओंकारेश्वर मंदिर से मंगोलीचारी तक डोली पैदल जाएगी, जिसके बाद डोली को रांसी तक वाहन से ले जाया जाएगा। प्रशासन ने डोली के साथ जाने के लिए मात्र 20 व्यक्तियों को ही अनुमति दी है। शनिवार को पहले दिन भगवान की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के लिए रांसी के राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। 23 मई को रांसी से प्रस्थान कर भगवान की डोली जिले के सीमांत गांव गौंडार में विश्राम करेगी। सोमवार को गौंडार से प्रस्थान कर डोली धाम के लिए रवाना होगी। इसके बाद लगभग साढ़े 11 बजे मंदिर के कपाट पौराणिक रीति-रिवाज एवं सादगी के साथ खोल दिए जाएंगे। वहीं ग्रीष्मकाल के छह माह तक यहीं पर भगवान की नित्य पूजाएं संपन्न की जाएंगी। मंदिर समिति के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि शनिवार को मध्यमेश्वर की डोली धाम को रवाना होगी। मंदिर के कपाट खोलने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

chat bot
आपका साथी