मानसून शुरू होते ही बढ़ी हाट क्षेत्र की मुश्किलें

मानसून शुरू होते ही ऊखीमठ ब्लॉक के हाट गांव के लोगों की मुसीबत बन गई हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 06:09 PM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 06:09 PM (IST)
मानसून शुरू होते ही बढ़ी हाट क्षेत्र की मुश्किलें
मानसून शुरू होते ही बढ़ी हाट क्षेत्र की मुश्किलें

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: मानसून शुरू होते ही ऊखीमठ ब्लॉक के हाट गांव के लोगों की मुसीबत भी बढ़ गई हैं। मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने से लोक निर्माण विभाग ने गांव की सुविधा के लिए लगाया फोल्डिग पुल हटा दिया है, जबकि जो ट्रॉली यहां पर लगाई गई है वह बजट न मिलने से खराब है। ग्रामीण कई किमी फेर से चलकर चन्द्रापुरी बाजार पहुंच रहे हैं। यहां पर मोटर पुल स्वीकृत है, लेकिन शासन स्तर पर बजट न मिलने के कारण अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

क्षेत्रीय ग्रामीणों को मजबूरी में अब कई तो जान हथेली में रखकर नदी को पैदल ही पार कर रहे हैं, जबकि अधिकांश ग्रामीण चंद्रापुरी बाजार पहुंचने के लिए तीन से चार किमी का फेर तय कर जरूरी सामान की खरीददारी कर रहे हैं। सितंबर तक इन लोगों की समस्या बनी रहेगी। गांव के लिए यहां पर मोटर पुल स्वीकृत है, लेकिन स्वीकृति के छह वर्ष बीतने के बाद भी पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

ग्राम प्रधान हाट सुनीता देवी ने बताया कि नदी का बहाव बढ़ने के कारण अस्थाई पुल तक पानी पहुंच चुका है। जबकि आवाजाही के लिए बनाई गई ट्रॉली का तार भी खराब हैं। इस संबंध विभागीय अधिकारियों को भी अवगत कराया चुका है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। गांव के लिए पुल स्वीकृत होने के बाद भी अभी पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। गबनी गांव के नीचे मंदाकिनी नदी का बहाव काफी तेज है, जिससे खतरा बना रहता है। जबकि बाजार में खरीददारी करने के लिए तीन से चार किमी का फेर लगाकर पहुंचना पड़ता है। वहीं लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एस राणा का कहना है कि यहां पर विभाग से अस्थाई पुल लगाया था, जो मंदाकिनी नदी के जलस्तर बढ़ने पर हटा दिया गया है, जबकि ट्रॉली को ठीक करने के लिए बजट उपलब्ध नहीं है।

chat bot
आपका साथी