केदारनाथ में यात्रियों का आंकड़ा एक लाख पार

केदारनाथ दर्शनों को आने वाले यात्रियों की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर गई है। बीते 18 सितंबर को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 102317 यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 11:11 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 11:11 PM (IST)
केदारनाथ में यात्रियों का आंकड़ा एक लाख पार
केदारनाथ में यात्रियों का आंकड़ा एक लाख पार

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदारनाथ दर्शनों को आने वाले यात्रियों की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर गई है। बीते 18 सितंबर को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 102317 यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। सोमवार को 5008 यात्रियों ने दर्शन किए। यात्रियों में हेली सेवा से पहुंचने वालों की संख्या 13523 है। खास बात यह कि चारों धाम में सबसे अधिक यात्री केदारनाथ पहुंच रहे हैं।

बीते पांच अक्टूबर को ई-पास की बाध्यता समाप्त होने के बाद चारों धाम, विशेषकर केदारनाथ में यात्रियों की आमद खासा बढ़ गई है। बीते शनिवार को तो रिकार्ड 16348 यात्रियों ने बाबा के दर्शन किए, जो कि इस सीजन में चारों धाम की सर्वाधिक संख्या है। हेली सेवा से भी बड़ी संख्या में यात्री केदार धाम पहुंच रहे हैं। हालांकि, बीते तीन दिनों में भारी बारिश के चलते यात्रा बाधित हुई, लेकिन उम्मीद है कि बुधवार से मौसम खुलने पर यात्रा फिर गति पकड़ेगी। धाम में यात्रियों की आमद बढ़ने से केदारघाटी में पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिले हुए हैं। हालांकि, केदारनाथ के कपाट बंद होने में अब एक माह से भी कम का समय बचा है, लेकिन जिस तरह यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है, उससे व्यवसायियों को काफी उम्मीदें हैं। यमुनोत्री में उमड़ा यात्रियों का सैलाब

उत्तरकाशी : दो दिनों तक बारिश के कारण यात्रा प्रभावित रहने के बाद मंगलवार को मौसम खुला तो यमुनोत्री धाम में यात्रियों का सैलाब उमड़ा। जिससे यमुनोत्री धाम के पड़ाव और धाम में रौनक लौटी। मंगलवार को 2381 यात्रियों ने यमुनोत्री धाम के दर्शन किए। जबकि गंगोत्री राजमार्ग बाधित होने के कारण गंगोत्री धाम में दर्शन करने के लिए एक भी यात्री नहीं पहुंच पाया।

chat bot
आपका साथी