रुद्रप्रयाग पहुंचने पर पवित्र छड़ी यात्रा का फूल मालाओं से किया स्वागत

पवित्र छड़ी यात्रा का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। साधु संतों ने रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में पैदल यात्रा निकालकर लोगों में सनातन धर्म के प्रति जागरूकता लाने का संदेश दिया।

By Edited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 06:29 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 10:39 AM (IST)
रुद्रप्रयाग पहुंचने पर पवित्र छड़ी यात्रा का फूल मालाओं से किया स्वागत
रुद्रप्रयाग पहुंचने पर पवित्र छड़ी यात्रा का फूल मालाओं से किया स्वागत

रुद्रप्रयाग, जेएनएन। चारधाम यात्रा पर निकली पवित्र छड़ी यात्रा का रुद्रप्रयाग पहुंचने पर फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रा में शामिल साधु संतों ने रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में पैदल यात्रा निकालकर लोगों में सनातन धर्म के प्रति जागरूकता लाने का संदेश दिया। दो धामों की यात्रा के बाद छड़ी यात्रा ने गुरुवार को केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया। विगत 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरिद्वार के मायादेवी मंदिर प्रांगण से पवित्र छड़ी यात्रा को प्रदेश के पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों के लिए रवाना किया था। 

चारों धामों की यात्रा के बाद पवित्र छड़ी अन्य पौराणिक स्थलों पर भी जाएगी। गुरुवार को रुद्रप्रयाग पहुंचने पर छड़ी यात्रा का कोटेश्वर मंदिर के महंत शिवानंद गिरि महाराज व अन्य महंतों ने पारंपरिक ढोल दमाऊ एवं फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद रुद्राबैंड से मुख्य बाजार होते हुए कोटेश्वर मंदिर तक पैदल यात्रा भी निकाली गई। श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय सभापति एवं पवित्र छड़ी यात्रा के प्रमुख महंत प्रेम गिरि एवं उप प्रमुख महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि यात्रा सफलतापूर्वक जारी है।

छड़ी यात्रा यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के बाद केदारनाथ के लिए रवाना होगी। बताया कि सनातन धर्म को बढ़ावा देने और जीर्णशीर्ण मठ मंदिरों, सिद्ध स्थलों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। छड़ी यात्रा से प्रदेश में श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ेगा। श्रद्धालुओं के आगमन बढ़ने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से छड़ी यात्रा को राजकीय यात्रा घोषित किए जाने के बाद अब जगह-जगह स्थानीय लोगों की ओर से यात्रा का स्वागत एवं सम्मान किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें: Chardham Yatra: अब तक 11 लाख श्रद्धालु कर चुके बदरीनाथ में दर्शन

बताया कि छड़ी यात्रा का समापन पांच नवंबर को हरिद्वार वापसी के साथ होगा। छड़ी यात्रा के प्रमुख महंत प्रेम गिरि, महंत विद्यानंद सरस्वती, महंत धीरज गिरि, महंत पुष्पराज गिरि, महंत इंद्रानंद सरस्वती, महंत शिवदत्त गिरि के अलावा कई लोग साथ में चल रहे है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वाण, अपर जिलाधिकारी अरविंद पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक दीपक सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: केदारनाथ समेत चारधाम के कपाट शीतकाल के लिए इन तिथियों में होंगे बंद, जानिए

chat bot
आपका साथी