फलाटी में गैस सिलेंडर फटने से दंपती झुलसे

संवाद सूत्र तिलवाड़ा सिलगढ़ क्षेत्र के फलाटी गांव में रसोई गैस सिलेंडर फटने से दंपती बुरी

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Jul 2020 06:49 PM (IST) Updated:Fri, 17 Jul 2020 06:14 AM (IST)
फलाटी में गैस सिलेंडर  फटने से दंपती झुलसे
फलाटी में गैस सिलेंडर फटने से दंपती झुलसे

संवाद सूत्र, तिलवाड़ा: सिलगढ़ क्षेत्र के फलाटी गांव में रसोई गैस सिलेंडर फटने से दंपती बुरी तरह झुलस गए। क्षेत्रवासियों की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में प्राथमिक उपचार दिया गया। जिसके बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया।

बुधवार रात्रि लगभग साढे़ आठ बजे फलाटी गांव की बिछना देवी रसोई में खाना बनाने के लिए गई, जबकि बच्चे और पति आंगन में बैठे हुए थे। महिला ने किचन में जैसे ही लाइटर से चूल्हा जलाया, तभी सिलेंडर ने आग पकड़ ली। इस दौरान महिला कुछ समझ पाती, आग की लपटों ने उसे अपने आगोश में ले लिया। चिल्लाने की आवाज पर आंगन में बैठा पति किचन में पहुंचा और पत्नी को बचाने का प्रयास करने लगा, लेकिन तभी जोर के धमाके से सिलेंडर फट गया। और 37 वर्षीय नरेंद्र लाल पुत्र रामलाल व उनकी पत्नी 34 वर्षीय बिछना देवी बुरी तरह झुलस गए। बताया जा रहा है कि दंपती 70 फीसदी तक झुलस गए। साथ ही मकान को भी काफी क्षति पहुंची है। सिलेंडर फटने की आवाज सुनकर उनके पड़ोसी भी वहां पहुंच गए तथा गंभीर रूप से झुलसे दंपति को तत्काल गौरीकुंड हाईवे पर सिल्ली पर पहुंचाया। पूर्व कनिष्ठ प्रमुख रमेश बेंजवाल ने उन्हें अपने वाहन से रात्रि 9.30 बजे सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दंपति की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सतेंद्र कंडारी ने घटना के लिए संबंधित गैस एजेंसी को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने प्रशासन से एजेंसी के जरिये पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी