तुंगनाथ में निर्माण की धीमी गति से जिलाधिकारी खफा

संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग वंदना सिंह ने शुक्रवार को तृतीय केदार तुंगनाथ घाटी का निरीक्षण किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Aug 2020 10:32 PM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 06:14 AM (IST)
तुंगनाथ में निर्माण की धीमी गति से जिलाधिकारी खफा
तुंगनाथ में निर्माण की धीमी गति से जिलाधिकारी खफा

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग वंदना सिंह ने शुक्रवार को तृतीय केदार तुंगनाथ धाम पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यो की धीमी गति पर नाराजगी जताई। साथ ही पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि मंदिर प्रांगण का कार्य अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधान मक्कू व वन विभाग के अधिकारियों को दस दिन के भीतर बैठक कर ईको डेवलपमेंट सोसाइटी गठित करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने मंदिर से 50 मीटर पहले स्थित आकाश कुंड के सुंदरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि कुंड की सजावट में टाइल्स के बजाय स्थानीय पत्थर (पठाल) का प्रयोग किया जाए। डीएम ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की 'अपणु घौर' योजना के तहत मक्कू गांव में होम स्टे का निर्माण किया जाएगा। इसका संचालन स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सात महिलाएं करेंगी। पहाड़ी शैली में बनने वाले इस होम स्टे में पर्यटकों को घर जैसी सुविधाएं हासिल होंगी।

कहा कि इससे जहां मक्कू को विश्व मानचित्र पर पहचान मिलेगी, वहीं स्थानीय महिलाओं की आर्थिकी भी मजबूत होगी। जिलाधिकारी के साथ ग्राम प्रधान मक्कू विजयपाल सिंह नेगी, मुख्य विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ वरुण अग्रवाल, पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, एपीडी रमेश कुमार, ईई लोनिवि मनोज भट्ट आदि भी तुंगनाथ में मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी