सीमांत जिले में शादी से मना करने पर सिरफिरे ने युवती और उसकी दादी पर किया हमला

पिथौरागढ़ में शादी से मना करने पर सिरफिरे ने युवती और उसकी दादी पर किया हमला। दोनों की हालत गंभीर।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 10:47 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 11:52 PM (IST)
सीमांत जिले में शादी से मना करने पर सिरफिरे ने युवती और उसकी दादी पर किया हमला
सीमांत जिले में शादी से मना करने पर सिरफिरे ने युवती और उसकी दादी पर किया हमला

संवाद सूत्र, नाचनी (पिथौरागढ़) : विकासखंड मुनस्यारी के बांसबगड़ ग्राम पंचायत में एक युवती से शादी की जिद पर अड़ा युवक शुक्रवार शाम उसके घर में घुस गया। शादी से मना करने पर युवती और उसकी उसकी दादी पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुन लोगों को आता देख आरोपित जंगल की ओर भाग निकला। घायल दादी-पोती को गोचर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर को रेफर कर दिया गया है।

बांसबगड़ घाटी के मल्ला भैंस्कोट निवासी 22 वर्षीय त्रिभुवन पुत्र गंगा राम तीन दिनों से बांसबगड़ निवासी व्यक्ति के घर जाकर उसकी 19 वर्षीय पुत्री से अपनी शादी कराने का दबाव बना रहा था। तीन दिनों से बासंबगड़ में रह रहा था। युवती और उसके परिजनों ने इन्कार किया तो त्रिभुवन आक्रामक हो गया।

शुक्रवार शाम आरोपित फिर से युवती के घर में घुस गया। घर में तब युवती और उसकी साठ वर्षीय दादी ही मौजूद थी। आरोपित ने एक बार फिर युवती से शादी करने की जिद की। दोनों ने साफ मना कर दिया। ऐसे में आरोपित ने दोनों पर हमला कर दिया। पास ही पड़े डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुन ग्रामीणों को आता देख आरोपित जंगल की तरफ भाग गया। बुरी तरह घायल दादी और पोती को ग्रामीण 20 किलोमीटर दूर थल के गोचर प्राथमिक केंद्र लाए। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों रने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

इस घटना की सूचना मिलते ही नाचनी से थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ बांसबगड़ पहुंचे। ग्रामीणों से सारी जानकारी लेने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया कि युवक क्षेत्र में ही कहीं छिपा है। रात भर तलाश कर पकड़ लेंगे। पुलिस की एक टीम युवक के गांव मल्ला भैंस्कोट को रवाना हुई है।

chat bot
आपका साथी