चारागाह से घास नहीं काट पा रही हैं गुलदार प्रभावित गांव की महिलाएं

गुलदार प्रभावित पपदेव गांव की महिलाएं पशुपालन विभाग द्वारा तैयार चारागाह से घास नहीं काट पा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 03:47 PM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 01:58 AM (IST)
चारागाह से घास नहीं काट पा रही हैं गुलदार प्रभावित गांव की महिलाएं
चारागाह से घास नहीं काट पा रही हैं गुलदार प्रभावित गांव की महिलाएं

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: गुलदार प्रभावित पपदेव गांव की महिलाएं पशुपालन विभाग द्वारा तैयार चारागाह से घास नहीं काट पा रही हैं। परेशान महिलाओं ने शुक्रवार को वन विभाग पहुंचकर घास कटाई के लिए सुरक्षा गार्ड मुहैया कराए जाने की मांग की।

पपदेव गांव में सक्रिय गुलदार ने दस रोज पूर्व घास काट रही एक महिला पर हमला कर दिया था। जिससे महिला की मौत हो गई। चारागाह समिति की अध्यक्ष कमला बर्मा की अगुवाई में वन विभाग पहुंची महिलाओें ने प्रभागीय वनाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए कहा कि गांव के अधिकांश परिवार पशुपालन कर अपनी आजीविका चलाते हैं। 20 हेक्टेयर में विकसित चारागाह से उन्हें घास उपलब्ध होता है, लेकिन गुलदार के आतंक के चलते महिलाएं चारागाह से घास नहीं काट पा रहीं हैं। चारागाह के आस-पास झाड़ियां बेतरतीब फैली हुई हैं। इन झाड़ियों में गुलदार के छुपे होने की पूरी आशंका है। महिलाओं ने प्रभागीय वनाधिकारी से मांग की कि चारागाह में घास कटाई के लिए वन विभाग सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराए ताकि महिलाएं घास काट सकें। इसके अलावा झाड़ी कटान के लिए वन विभाग की ओर से कर्मचारियों की तैनाती किए जाने की मांग भी महिलाओं द्वारा रखी गई। प्रभागीय वनाधिकारी विनय भार्गव ने मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। समस्या रखने वालों में हेमा बर्मा, रेखा बर्मा, प्रेमा बर्मा, कमला देवी, भागीरथी देवी, नीमा बर्मा, दीपिका बर्मा, रेखा बर्मा आदि शामिल रहीं। =========== पिथौरागढ़ पहुंचे शिकारी ने की गुलदार प्रभावित क्षेत्र में रैकी

= दो दिन बाद लगाया जाएगा मचान, नहीं दिख रही गुलदार की मूवमेंट संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: पपदेव क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को मार गिराने के लिए तैनात शिकारी शुक्रवार को पिथौरागढ़ पहुंच गए। शिकारी ने वन कर्मियों के साथ प्रभावित क्षेत्र में रैकी की। दो दिन रैकी करने के बाद शिकारी मचान बांधेंगे।

मेरठ के शिकारी सैय्यद अली बिन हादी शुक्रवार को पिथौरागढ़ पहुंचे। उन्होंने वन कर्मियों के साथ पौण, पपदेव, पुनेड़ी प्रभावित क्षेत्र में रैकी की। उन्होंने गुलदार द्वारा किए गए हमलों की विस्तार से जानकारी ली। वनक्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी ने बताया कि शिकारी अगले दो दिन तक प्रभावित क्षेत्र में रैकी करेंगे। गुलदार के बारे में पुख्ता जानकारियां जुटा लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि तीसरे दिन भी गुलदार की कोई मूवमेंट क्षेत्र में नहीं दिखाई दी। क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी में गुलदार नहीं दिखा और नहीं पिंजरों के आस-पास कोई हरकत हुई। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। उन्होंने लोगों से सतर्कता बनाए रखने की अपील की है।

chat bot
आपका साथी