सिंचाई विभाग की 799 लाख की दो योजनाओं का पर्यटन मंत्री ने किया शिलान्यास

पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सिंचाई विभाग की दो योजनाओं का शिलान्यास किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 10:23 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 10:23 PM (IST)
सिंचाई विभाग की 799 लाख की दो योजनाओं का पर्यटन मंत्री ने किया शिलान्यास
सिंचाई विभाग की 799 लाख की दो योजनाओं का पर्यटन मंत्री ने किया शिलान्यास

जासं, पिथौरागढ़: प्रदेश के पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने जिला मुख्यालय स्थित लंदन फोर्ट में शनिवार को सिंचाई विभाग द्वारा बनाई जाने वाली कुल 799.30 लाख रु पये की धनराशि से बनने वाली दो योजनाओं का शिलान्यास किया।

दो योजनाओं के तहत धारचूला में काली नदी के दाई तरफ स्थित कुमाऊं स्काउट मल्ला हाट की सुरक्षा के लिए 447.38 लाख की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा विकास खंड डीडीहाट के अंतर्गत रामगंगा नदी के बाई की तरफ थल कस्बे की सुरक्षा के लिए 351.30 लाख की लागत बाढ़ सुरक्षा कार्यो का शिलान्यास किया। इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, जनता, विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल के संरक्षण एवं संव‌र्द्धन के लिए सिंचाई विभाग अन्य जनपदों के अलावा पिथौरागढ़ में भी जलाशयों का निर्माण कर रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में विधायक चंद्रा पंत, विशन सिंह चुफाल, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा, केएनवीएन अध्यक्ष केदार जोशी, जिलाधिकारी डा. वीके जोगदंडे , पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, सीडीओ डा. सौरभ गहरवार, अपर पुलिस अधीक्षक विमल आचार्य, जीएम केएनवीएन अशोक जोशी, अधीक्षण अभियंता विकास श्रीवास्तव, ईई फरहान खान, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, महेंद्र लुंठी उपस्थित थे। ====== पर्यटन मंत्री के काफिले से नगर में लगा जाम

पिथौरागढ़: पर्यटन मंत्री के काफिले में शामिल वाहनों से शनिवार को नगर पालिका क्षेत्र में जाम लग गया। वाहनों के पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़कों पर ही खड़े रहे, जिसके चलते पैदल चलने वाले लोग परेशान रहे।

शनिवार को पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय पहुंचे प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को नगर पालिका में अपने स्वागत समारोह और लंदन फोर्ट में सिंचाई कार्यो के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेना था। प्रात: 11.30 बजे पर्यटन मंत्री अपने वाहनों के काफिले के साथ नगर पालिका पहुंचे। काफिले में सरकारी अधिकारियों के वाहन भी बड़ी तादात में थे। पुलिस के वाहन शामिल होने से इनकी संख्या में और इजाफा हो गया। इससे नगर पालिका क्षेत्र में कुछ देर के लिए दो बार जाम लग गया। कुछ देर बाद मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवा लिया। जाम के दौरान पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी।

chat bot
आपका साथी