कहीं बरसे बादल तो कहीं चली तेज हवा, डीडीहाट में मकान पर गिरा पेड़

पिथौरागढ ़जिले में गुरु वार की देर सायं कहीं बारिश हुई तो कहीं पर तेज हवा चली।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 09 Jul 2021 10:56 PM (IST) Updated:Fri, 09 Jul 2021 10:56 PM (IST)
कहीं बरसे बादल तो कहीं चली तेज हवा, डीडीहाट में मकान पर गिरा पेड़
कहीं बरसे बादल तो कहीं चली तेज हवा, डीडीहाट में मकान पर गिरा पेड़

जाटी, पिथौरागढ़/धारचूला/ डीडीहाट: जिले में गुरु वार की देर सायं कहीं बारिश हुई तो कहीं पर तेज हवाएं चली। तेज हवाएं चलने से भारी संख्या में पेड़ उखड़ गए। डीडीहाट नगर में तो एक विशाल वृक्ष एक मकान की छत पर गिर गया। यहां पर मौजूद लोग बाल-बाल बचे। वृक्षों के गिरने से तल्ला जोहार में नौलड़ा मार्ग बंद हो गया। थल-मुनस्यारी मार्ग में घंटों मार्ग बंद रहा।

उधर धारचूला के कूलागाड़ में मोटर पुल बहने से ग्रामीण पैदल चल रहे हैं। चीन सीमा क्षेत्र का 22वें दिन भी संपर्क भंग है। कूलागाड़ का पुल बहने से अब जुम्मा से लेकर चीन सीमा तक का संपर्क कटा हुआ है। जनता परेशान है। डीडीहाट से मिली जानकारी के अनुसार गुरु वार की देर सायं तहसील क्षेत्र में भारी बारिश और अंधड़ चला। इस दौरान नगर के जीआइसी वार्ड में जीआइसी जाने वाली सड़क पर एक विशाल वृक्ष उखड़कर एक मकान की छत पर गिर गया। जिससे मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। मकान पर पेड़ गिरने से स्वजनों में हड़कंप मच गया सभी ने घर से बाहर दौड़ लगा दी।

इस दौरान मौसम खराब होने से सड़क पर कोई वाहन नहीं चल रहा था अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। पेड़ गिरने से मार्ग पर वाहन संचालन बंद हो गया। नपा अध्यक्ष कमला चुफाल ने तत्काल कार्रवाई कर पेड़ को हटाया। उधर नाचनी से मिली जानकारी के अनुसार तेज हवा के चलते नौलड़ा मार्ग में कई वृक्ष धराशायी होकर गिर गए। जिसके चलते मार्ग पर वाहन संचालन बंद है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर क्वीटी के पास एक विशाल वृक्ष गिरने से यातायात प्रभावित रहा। वृक्ष की चपेट में आने से सड़क किनारे रखी एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई ।

chat bot
आपका साथी