उच्च हिमालय में हिमपात, निचले इलाकों में बूंदाबांदी

सीमांत में दूसरे दिन भी आसमान बादलों से ढका रहा। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 09:44 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 09:44 PM (IST)
उच्च हिमालय में हिमपात, निचले इलाकों में बूंदाबांदी
उच्च हिमालय में हिमपात, निचले इलाकों में बूंदाबांदी

जाटी, पिथौरागढ़/ मुनस्यारी/धारचूला: सीमांत में दूसरे दिन भी आसमान बादलों से ढका रहा। इस दौरान निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई तो उच्च हिमालयी क्षेत्र में लगातार हिमपात जारी है। ऊंची चोटियों पर बुधवार सायं से ही हिमपात हो रहा है। इधर अब मध्य हिमालयी खलिया टाप और छिपलाकेदार में भी बर्फ गिरने लगी है।

सीमांत में दूसरे दिन भी आसमान बादलों से ढका रहा। इस दौरान हिमालय की ऊंची चोटी पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, सिदमधार, नंदा देवी, नंदा कोट, सहित दारमा और व्यास की चोटियों में हिमपात हो चुका है। व्यास घाटी में भारत चीन सीमा लिपुलेख से नीचे कालापानी तक हिमपात हो रहा है। घाटी में कुटी, आदि कैलास में भी हिमपात होने लगा है। सायं तक गुंजी, नाबी, छियालेख तक भी हिमपात होने की संभावना जताई जा रही है। दारमा घाटी के सभी चोटियां लकदक हो चुकी है। मौसम के ऐसा ही रहने पर नागलिंग, चल तक हिमपात की आशंका जताई जा रही है।

मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार मध्य हिमालयी खलिया टाप और छिपलाकेदार में भी हिमपात होने लगा है। जानकारी के अनुसार अभी हल्का हिमपात हुआ है। मौसम के ऐसा ही रहने पर रात तक भारी हिमपात की संभावना है। गुरु वार की सायं एक बार जिले के निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। निचले इलाकों में बूंदाबांदी होने और उच्च हिमालय में हिमपात से कड़ाके ठंड पड़ रही है। ठंड से आम जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। बाजारों में अन्य दिनों की अपेक्षा आज कम भीड़ रही। ========- बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, दिनभर छाए रहे बादल

चम्पावत : गुरुवार को जिले के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में हल्की बूंदा बांदी होने से तापमान गिर गया जिससे ठंड बढ़ गई। दोपहर बाद जिले में अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बादल छाए रहने से पिछले तीन दिनों से जिले में धूप नहीं खिल पाई है। दबाव बनने के बाद भी बारिश न होने से काश्तकारों को मायूसी हाथ लगी। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सब्जी पौधों की ग्रोथ नहीं हो पा रही है। मौसम के मिजाज में आए परिवर्तन के कारण जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में भी ठंड शुरू हो गई है।

chat bot
आपका साथी