जिले भर में छाए रहे बादल, ऊंची चोटियों पर हिमपात

मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को जिले भर में घने बादल छाए रहे। उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 08:56 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 08:56 PM (IST)
जिले भर में छाए रहे बादल, ऊंची चोटियों पर हिमपात
जिले भर में छाए रहे बादल, ऊंची चोटियों पर हिमपात

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को जिले भर में घने बादल छाए रहे। ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। उच्च हिमालयी क्षेत्र में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच गया। जिले भर में मौसम ठंडा रहा।

सोमवार की सुबह हल्के बादल छाए रहे। दोपहर 12 बजे तक हल्की धूप खिली रही। इसके बाद एक बार फिर आसमान बादलों से पूरी तरह ढक गया। जिले भर में यही स्थिति रही। सीमांत तहसील मुनस्यारी की ऊंची चोटी पंचाचूली, राजरंभा और हंसालिंग में हल्का हिमपात हुआ। हिमपात से पूरे तहसील क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जिला मुख्यालय में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से गिरकर 18 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जिला मुख्यालय में अपराह्न चार बजे बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया। देर रात तक बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई है।

धारचूला: तहसील मुख्यालय में सुबह से ही बादल छाए रहे। उच्च हिमालय के कई गांवों में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच जाने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ======== चम्पावत के आसमान में छाए रहे घने बादल

चम्पावत : बुधवार की सुबह से ही चम्पावत जिले के पर्वतीय एवं मैदानी इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। बादल छाने से ठंड भी काफी बढ़ गई। इससे लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। बादल छाने से बुधवार की सुबह लोगों को पाले से जरूर निजात मिली। मैदानी क्षेत्र टनकपुर में भी सुबह हल्की धूप निकलने के बाद आसमान में बादल उमड़ आए। घने काले बादल छाने के कारण बारिश की संभावना बनी हुई है। लोहाघाट एवं बाराकोट में घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय कोहरा भी देखने को मिला। जिले में बारिश की आवश्यकता महसूस की जा रही है। एक माह से बारिश न होने के कारण सब्जी पौधों की सिंचाई नहीं हो पाई है, जिससे उनकी ग्रोथ में असर पड़ने लगा है। काश्तकार रमेश चतुर्वेदी, नित्यानंद चौबे, प्रमोद कुमार आदि ने बताया कि लहसुन, प्याज एवं अन्य सब्जी पौधों के लिए अच्छी बारिश की जरूरत है। शीघ्र बारिश नहीं होने पर पौधे पीले पड़ सकते हैं।

chat bot
आपका साथी