अवैध खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन सख्त, आधा दर्जन वाहन किए सीज

पिथौरागढ़ में चोरी छिपे खनन करने वाले माफिया के खिलाफ तहसील प्रशासन ने देर रात्रि को छापामार अभियान चलाया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 05:00 AM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 05:00 AM (IST)
अवैध खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन सख्त, आधा दर्जन वाहन किए सीज
अवैध खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन सख्त, आधा दर्जन वाहन किए सीज

पिथौरागढ़, जेएनएन : मानसून काल में चोरी छिपे खनन करने वाले माफिया के खिलाफ तहसील प्रशासन का डंडा चला। तहसील प्रशासन द्वारा मध्य रात्रि को खनन स्थलों पर छापा मारकर अवैध खनन ढो रहे और खनन में प्रयोग में लाए जाने वाले आधा दर्जन वाहनों को सीज कर दिया गया है। राजस्व दल की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया। दल ने इस दौरान चार सौ घनमीटर रेत जब्त की।

तहसील पिथौरागढ़ के नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट में अवैध खनन की शिकायत विगत लंबे से मिल रही थी। झूलाघाट में रात के अंधेरे में खनन कर रेत, बजरी पिथौरागढ़ सहित अन्य स्थानों पर पहुंचाई जाती है। इस शिकायत पर एसडीएम सदर तुषार सैनी के निर्देश और तहसीलदार दिनेश चंदोला के नेतृत्व में राजस्व पुलिस ने अभियान प्रारंभ कर दिया है। शनिवार रात्रि को राजस्व उप निरीक्षक भरत सिंह मेहता, ऋषेंद्र सामंत, राजेंद्र सिंह, मनोज मेहता की टीम ने खनन स्थल पर औचक छापेमारी की। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खनन माफिया भाग गए।

राजस्व दल ने अवैध खनन सामग्री से भरे और पिथौरागढ़ को अवैध खनन सामग्री ला रहे चार पिकअप यूके 05 सीए 1182, यूके 05 सीए 1468, यूके 05 सीए 6363, यूके 05सीए 1776, यूके 05सीए 1830, यूके 05सीए 1447 को पकड़ा। मध्य रात्रि को ही सभी वाहनों को 36 किमी दूर पुलिस लाइन पिथौरागढ पहुंचाया। इसके अलावा चार सौ घनमीटर रेत सीज कर दी गई है।

राजस्व दल के भरत सिंह मेहता ने बताया कि अभी तक अवैध खनन में 10 टिप्पर, 12 पिकअप, एक जेसीबी मशीन को अवैध खनन में जब्त कर सीज कर दिया गया है। कार्यवाही जारी है। राजस्व दल प्रतिदिन रात में संभावित स्थलों पर छापामारी अभियान जारी रखेगा। उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने कहा है कि अवैध खननकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा। अगला कदम अवैध खननकर्ताओं को खनन स्थल पर से रंगे हाथ पकड़ने का है। जिसके लिए रणनीति तय की जा रही है। झूलाघाट में छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी