बरातों से बढ़ रही जाम की समस्या

शादी-ब्याह के सीजन में नगर की सड़कों पर जाम की समस्या आम हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Dec 2020 10:46 PM (IST) Updated:Fri, 04 Dec 2020 10:46 PM (IST)
बरातों से बढ़ रही जाम की समस्या
बरातों से बढ़ रही जाम की समस्या

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : शादी-ब्याह के सीजन में नगर की सड़कों पर जाम की समस्या आम हो गई है। नगर के अधिकांश बरात घरों में वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और भी अधिक गंभीर हो जाती है। शुक्रवार को कालेज रोड पर बरातों के चलते लंबा जाम लग गया। इस दौरान एक मरीज को अस्पताल लेकर जा रहा 108 आपात सेवा वाहन भी काफी देर तक जाम में फंसा रहा।

नगर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पार्किंग के अभाव में नगर की सड़कों के किनारे वाहन खड़े रहते हैं। देवसिंह मैदान के निकट करोड़ों की लागत से बनी मल्टी स्टोरी पार्किंग का अभी संचालन शुरू नहीं हो पाया है। वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव के कारण नगर की सड़कों पर जाम की समस्या आम हो चुकी है। इस बीच शादी-ब्याह का सीजन होने से समस्या और भी अधिक गंभीर हो गई है। नगर के अधिकांश बरातघरों में वाहन पार्किंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। हालांकि जाम से निपटने के लिए पुलिस द्वारा नगर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, मगर बरात में शामिल होने वाले वाहन सड़क के दोनों ओर वाहन खड़ा कर देते हैं। जिस कारण सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है। इधर शुक्रवार को नगर के कालेज रोड पर बरातों के चलते लंबा जाम लग गया। जाम में 108 आपात वाहन समेत सैकड़ों वाहन फंसे रहे। जिस कारण लोगों को खासी फजीहत झेलनी पड़ी। नगरवासियों ने पुलिस अधिकारियों से जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या की अनदेखी की गई तो हालात बदतर हो सकते हैं।

chat bot
आपका साथी